देहरादून एयरपोर्ट के पास जंगली हाथी का तांडव, बुलेट सवार युवक को सड़क पर पटककर कुचलने की कोशिश
ऋषिकेश मार्ग पर देर रात हुई घटना, डिवाइडर की रेलिंग तोड़कर जंगल में घुसा हाथी; हमले का वीडियो वायरल
देहरादून। राजधानी देहरादून में जंगली हाथियों की बढ़ती आवाजाही के बीच बुधवार देर रात एक खौफनाक घटना सामने आई। देहरादून एयरपोर्ट के नजदीक ऋषिकेश मार्ग पर एक जंगली हाथी ने बुलेट सवार युवक पर हमला कर दिया। हाथी ने युवक को बाइक समेत सड़क पर पटक दिया और पैरों से कुचलने का प्रयास किया। गनीमत रही कि युवक की जान बच गई। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, युवक बुधवार देर रात अपनी बुलेट से ऋषिकेश की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर मौजूद जंगली हाथी अचानक आक्रामक हो गया और युवक को निशाना बना लिया। हाथी ने उसे बाइक समेत सड़क पर गिरा दिया और काफी देर तक उसके आसपास मंडराता रहा। इस दौरान युवक की जान पर खतरा बना रहा। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद हाथी सड़क के डिवाइडर पर लगी लोहे की रेलिंग तोड़कर जंगल की ओर चला गया। हाथी के वहां से हटने के बाद राहगीरों ने युवक को संभाला और सड़क किनारे पहुंचाया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हमले का वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। बताया जा रहा है कि वहां से गुजर रहे राहगीरों ने अपने मोबाइल कैमरों में हाथी के हमले की पूरी घटना रिकॉर्ड कर ली। वीडियो में हाथी की आक्रामकता और मौके पर मौजूद लोगों की घबराहट साफ दिखाई दे रही है।
हाथियों की आवाजाही से संवेदनशील है मार्ग
गौरतलब है कि देहरादून एयरपोर्ट से ऋषिकेश की ओर जाने वाले मार्ग के दोनों तरफ घना जंगल है। इस क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही बनी रहती है। भोजन और पानी की तलाश में हाथी कई बार जंगल से निकलकर सड़क तक पहुंच जाते हैं, जिससे देर रात सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा हो जाता है। इस घटना ने एक बार फिर वन्यजीवों की आवाजाही वाले संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और वन विभाग की निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे मार्गों पर चेतावनी संकेतक, निगरानी और वाहन चालकों को जागरूक करने के प्रभावी इंतजाम किए जाने की जरूरत है।

