लेह में देश सेवा करते हुए शहीद हुए देहरादून के लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा, सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
5/3 गोरखा राइफल्स में थे तैनात, 9 नवंबर को ड्यूटी के दौरान हुए शहीद; नौ साल की बेटी के सिर से उठा पिता का साया
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के नागनाथ क्षेत्र निवासी भारतीय सेना के अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा लेह में देश की सेवा करते हुए शहीद हो गए। 9 नवंबर को ड्यूटी के दौरान उनकी शहादत की खबर से सैन्य परिवार सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। शहीद प्रभाकर थापा को देहरादून के टपकेश्वर में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

जानकारी के अनुसार, लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा भारतीय सेना की प्रतिष्ठित 5/3 गोरखा राइफल्स में सेवाएं दे रहे थे। वह स्पेशल फोर्स की यूनिफॉर्म यूनिट में एएजी के पद पर तैनात थे। देश की सेवा में उनका करीब दो दशक का सैन्य करियर रहा और इस दौरान उन्होंने कई संवेदनशील क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दीं।
पिता से मिली देश सेवा की प्रेरणा
वर्ष 1984 में जन्मे प्रभाकर थापा को देश सेवा की प्रेरणा अपने परिवार से मिली। उनके पिता निर्मल थापा भारतीय सेना में हवलदार के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। प्रभाकर की प्रारंभिक शिक्षा देहरादून के कैम्ब्रियन हॉल स्कूल से हुई। वह वर्ष 2002 बैच के छात्र थे। स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने संयुक्त रक्षा सेवा (CDS) परीक्षा उत्तीर्ण की और 9 दिसंबर 2006 को तीसरी गोरखा राइफल्स में कमीशन प्राप्त किया।
नौ साल की बेटी के सिर से उठा पिता का साया
शहीद लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा अपने पीछे नौ वर्षीय बेटी और परिवार को छोड़ गए हैं। उनकी शहादत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ओर परिवार ने अपना प्रिय सदस्य खोया है, वहीं उत्तराखंड ने देश की रक्षा में समर्पित एक वीर सैन्य अधिकारी को खो दिया है। टपकेश्वर में सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई के दौरान शहीद के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश सेवा के जज्बे को याद किया गया। उनकी शहादत को प्रदेश लंबे समय तक याद रखेगा।

