हत्याकांड का खुलासा: फौजी ने रची थी बुजुर्ग महिला की हत्या की साजिश, बेटों को भी मारने का था इरादा
पिता की हत्या का बदला लेने के लिए वारदात को दिया अंजाम, सेना के जवान समेत तीन गिरफ्तार; पुलिस ने वाहन और हत्या में प्रयुक्त सामान किया बरामद
रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर के किशनपुर छोई गांव में बुजुर्ग महिला विमला देवी की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्याकांड में सेना के जवान समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते महिला की हत्या की साजिश रची थी। इतना ही नहीं, उसका इरादा महिला के दोनों बेटों की भी हत्या करने का था।

गुरुवार 12 नवंबर को एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल भारतीय सेना में कार्यरत है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल जांच के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि किशनपुर छोई गांव में एक घर के बाहर महिला का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस को 56 वर्षीय विमला देवी का शव मिला। उनके सिर और शरीर पर चोट के कई निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी समेत पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में तीन लोग महिला को अपने साथ ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पिता की हत्या का बदला लेने की थी साजिश
एसएसपी के मुताबिक, मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल के पिता गोविंद सिंह की करीब तीन साल पहले हत्या हुई थी। इस मामले में विमला देवी के दोनों बेटों को आरोपी बनाया गया था और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। पुलिस का कहना है कि इसी घटना के बाद से मोहित के मन में विमला देवी और उनके परिवार के प्रति रंजिश थी। आरोप है कि मोहित छुट्टियों में घर आने पर महिला के परिवार को परेशान करता था और उनके साथ गाली-गलौज भी करता था। इसी रंजिश के चलते उसने विमला देवी और उनके दोनों बेटों की हत्या की योजना बनाई तथा दो अन्य युवकों को अपने साथ शामिल कर लिया।
महिला को गाड़ी में ले जाकर की मारपीट
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से विमला देवी के साथ मारपीट की और उन्हें गाड़ी में डालकर धापला पुल की ओर ले गए। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने महिला को पानी में डुबोया और इसके बाद भी उनके साथ मारपीट की। वारदात के बाद शव को वापस लाकर महिला के घर के पास फेंक दिया गया। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी की योजना महिला के दोनों बेटों की हत्या करने की भी थी, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
ये तीन आरोपी हुए गिरफ्तार
- मोहित फर्त्याल पुत्र स्व. गोविंद सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी किशनपुर छोई, रामनगर।
- सैरान पुत्र मुरसलीन, उम्र 21 वर्ष, निवासी ब्लॉक रोड, बड़ी मस्जिद के पीछे, खताड़ी, रामनगर।
- मोहम्मद अब्बूजर पुत्र मोहम्मद विलाल, उम्र 22 वर्ष, निवासी खताड़ी, रामनगर।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल वाहन, लोहे की पान, लाठी-डंडे, पत्थर और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस तीनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

