चम्पावत : NDA में 14वीं रैंक हासिल करने वाली शीतल मेहता को डीएम और जिला पंचायत अध्यक्ष ने घर पहुंचकर किया सम्मानित
ग्राम बिल्दे (टुनकांडे) पहुंचकर शॉल और ऐपण भेंटकर बढ़ाया मान, बोले- शीतल की सफलता सीमांत क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत
चम्पावत। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के 157वें कोर्स में अखिल भारतीय स्तर पर 14वीं रैंक हासिल करने वाली शीतल मेहता को जिलाधिकारी मनीष कुमार और जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने उनके घर पहुंचकर सम्मानित किया। ग्राम बिल्दे (टुनकांडे) पहुंचे अधिकारियों ने शीतल को ऐपण और शॉल भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान उनकी दादी और माता-पिता को भी सम्मानित किया गया।


जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि एनडीए जैसी कठिन प्रतियोगी परीक्षा में देशभर में 14वीं रैंक हासिल करना बड़ी उपलब्धि है। शीतल की सफलता उनके परिवार, गांव और पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है। उनकी उपलब्धि सीमांत क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर बेटियों को सेना में अधिकारी बनने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करेगी।


शीतल ने जवाहर नवोदय विद्यालय चम्पावत से 12वीं की पढ़ाई पूरी की है। उनके पिता श्याम सिंह मेहता वाहन चालक हैं, जबकि माता नंदा देवी गृहिणी हैं। उनके भाई रोशन मेहता भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में सेवाएं दे रहे हैं। इस अवसर पर शीतल ने कहा कि उनकी सफलता से माता-पिता को मिली खुशी उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान है। घर पहुंचकर उन्हें और उनके परिवार को सम्मानित करने पर उन्होंने जिलाधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं अन्य लोगों का आभार जताया।
कार्यक्रम में आईपीएस आशू पंत, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संजय पाण्डेय सहित ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने भी शीतल को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से गांव का गौरव बढ़ा है। इस दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के समक्ष गांव में पुस्तकालय और ओपन जिम की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने ओपन जिम की मांग पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

