चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमराजनीति

कुर्सी नहीं, कार्यकर्ता का सम्मान जरूरी… चिराग फर्त्याल बोले, नेता जनता के सेवक हैं, राजा नहीं

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट जनसभा के बाद मंच पर स्थान और सम्मान को लेकर उठी चर्चाओं पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने रखी बात

चम्पावत। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी एवं सांसद कुमारी शैलजा की चम्पावत यात्रा के दौरान लोहाघाट में आयोजित जनसभा के बाद मंच पर स्थान और सम्मान को लेकर उठी चर्चाओं पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल ने अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि उनके लिए मंच पर कुर्सी हासिल करना या नाम का उल्लेख होना महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि जनता और कार्यकर्ताओं के बीच रहकर संगठन को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है।

Ad

मीडिया से बातचीत में फर्त्याल ने बताया कि कुमारी शैलजा के बनबसा बॉर्डर पहुंचने से लेकर लोहाघाट तक कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। लोहाघाट में मंच छोटा होने के कारण वरिष्ठ नेताओं को स्थान दिया गया था। इस दौरान पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने अपनी कुर्सी छोड़कर उन्हें बैठने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने वरिष्ठ नेता का सम्मान करते हुए खड़े रहना उचित समझा। उनका कहना था कि यदि वह बैठते तो वरिष्ठ नेता कहां बैठते?

जिलाध्यक्ष ने कहा कि संगठन ने उन्हें जनता के बीच जाकर संघर्ष करने और जनसमस्याओं को उठाने की जिम्मेदारी सौंपी है। वह कुर्सियों और प्रोटोकॉल की राजनीति में विश्वास नहीं रखते। उन्होंने कहा, “अगर मेरा कार्यकर्ता खड़ा है तो मैं भी खड़ा रहूंगा। जनता जमीन पर बैठे और नेता मंच पर कुर्सियों पर बैठें, यह परंपरा बदलनी चाहिए। नेता जनता के सेवक हैं, राजा नहीं।”

उन्होंने कहा कि राजनीति में पद और प्रतिष्ठा से अधिक महत्व जनता के प्रति जवाबदेही का है। पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को समान सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं से भी कार्यक्रमों में ऐसी व्यवस्था बनाने की अपील की, जिसमें नेता और कार्यकर्ता एक समान भाव से शामिल हों। फर्त्याल ने पार्टी के भीतर रहकर कथित तौर पर भाजपा को मजबूत करने वाले लोगों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि संगठन मजबूत होने के बाद ऐसे लोगों की भूमिका पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। साथ ही स्पष्ट किया कि प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें पूरा सम्मान और समय दिया है।

Ad