उत्तराखंड : कॉर्बेट नगरी में दुल्हन की हेलीकॉप्टर से विदाई, कनिष्का और करन ने की डेस्टिनेशन वेडिंग
रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के लिए प्रसिद्ध रामनगर एक बार फिर सुर्खियों में है। यहां एक अनोखी और यादगार शादी हुई है। विवाह एक रिसॉर्ट में संपन्न हुआ। जिसके बाद दुल्हन की विदाई चॉपर (हेलीकॉप्टर) से हुई, जिसे कॉर्बेट लैंडस्केप में पहला और बेहद खास आयोजन माना जा रहा है।
बता दें कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के आसपास का इलाका लंबे समय से वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में तेजी से उभर रहा है। गर्जिया, ढिकुली, मोहान, छोई, पाटकोट, क्यारी, ढेला, सांवल्दे पिरूमदारा आदि जैसे क्षेत्रों में 200 से ज्यादा रिजॉर्ट मौजूद हैं, जिनमें से कई रिजॉर्ट में इस समय शादी समारोह हो रहे हैं।

भव्य सेटअप, प्राकृतिक सौंदर्य, शांत वातावरण और पहाड़ों की पृष्ठभूमि में विवाह आयोजन जोड़ों के लिए यहां को बेहद पसंदीदा बनाते हैं। ऐसा ही एक शानदार शादी समारोह दिल्ली की रहने वाली कनिष्का सिंह और दिल्ली के ही करन सिंह का हुआ। यह शादी गर्जिया में स्थित एक निजी रिजॉर्ट में धूमधाम से हुई।
शादी समारोह तीन दिनों तक चला। जिसमें परिवार और खास मेहमानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, लेकिन असली सरप्राइज उनकी विदाई के समय सामने आया। जब दूल्हे करन सिंह के चाचा सुधीर सिंह ने नवविवाहित जोड़े को एक अविस्मरणीय विदाई देने की योजना बनाई। शादी समारोह के संपन्न होने के बाद चाचा सुधर सिंह ने दूल्हा-दुल्हन के लिए चॉपर यानी हेलीकॉप्टर का इंतजाम किया, जिसके माध्यम से उनकी विशेष विदाई हुई। हेलीकॉप्टर पीजी कॉलेज के मैदान में उतरा और उसके बाद दूल्हा दुल्हन को लेकर उड़ा। इस खास अनुभव को लेकर नवविवाहित कनिष्का और करन बेहद उत्साहित दिखाई दिए।

स्थानीय पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि ऐसी हाई-प्रोफाइल शादियों से कॉर्बेट वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में और भी मजबूत हो रहा है। इससे स्थानीय रोजगार, होटल उद्योग और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है। कॉर्बेट में चॉपर विदाई वाली यह शादी अब चर्चाओं में है। वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में कॉर्बेट की लोकप्रियता को नई उड़ान दे रही है।

