मां पूर्णागिरि मंदिर समिति चुनाव आज, अध्यक्ष पद पर चार प्रत्याशी, 422 मतदाता करेंगे फैसला
सुबह 8 से शाम 5 बजे तक होगा मतदान, चुनाव को लेकर धाम क्षेत्र में सरगर्मी तेज; मतगणना के बाद घोषित होंगे परिणाम
टनकपुर/चम्पावत। उत्तर भारत के प्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम मंदिर समिति की नई कार्यकारिणी के चुनाव आज हो रहे हैं। सोमवार को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पदों के लिए मतदान होगा। अध्यक्ष पद पर चार प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि 422 पुरुष मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रविवार को चुनाव समिति, पुलिस प्रशासन और धाम क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई, जिसमें मतदान प्रक्रिया और व्यवस्थाओं को लेकर कई नियम तय किए गए।

अध्यक्ष पद के लिए निवर्तमान अध्यक्ष किशन तिवारी एक बार फिर चुनाव मैदान में हैं। वहीं, पूर्व अध्यक्ष एवं चम्पावत ब्लॉक के ज्येष्ठ उप प्रमुख भुवन चन्द्र पांडेय भी अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी कर रहे हैं। इनके अलावा निवर्तमान उपाध्यक्ष नीरज पांडेय और प्रकाश पांडेय भी अध्यक्ष पद के प्रत्याशी हैं। चारों प्रत्याशियों के मैदान में होने से अध्यक्ष पद का मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
अन्य पदों पर भी सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा। उपाध्यक्ष पद के लिए नन्दाबल्लभ तिवारी और संजू पांडेय आमने-सामने हैं। सचिव पद पर सुरेश तिवारी और गिरीश चन्द्र पांडेय के बीच मुकाबला है, जबकि कोषाध्यक्ष पद के लिए कैलाश पांडेय और गिरीश तिवारी चुनाव मैदान में हैं।
सुबह 8 से शाम 5 बजे तक मतदान
चुनाव अधिकारी पं. पूरन चन्द्र पांडेय ने बताया कि मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। मतदान संपन्न होने के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। मतदान केंद्र पर मोबाइल फोन का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा और पूरी चुनाव प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न होगी।
मतदान और मतगणना के लिए तय किए नियम
चुनाव समिति ने मतपत्रों की निष्पक्ष गणना और विवादों से बचने के लिए भी नियम निर्धारित किए हैं। तीन से अधिक मतों के अंतर से हार-जीत होने पर दोबारा मतगणना नहीं की जाएगी। मतपत्र पर दो प्रत्याशियों के नामों के बीच मुहर लगने की स्थिति में मुहर का 59 प्रतिशत झुकाव जिस प्रत्याशी के नाम की ओर होगा, मत उसी के खाते में गिना जाएगा। बुजुर्ग और असहाय मतदाता परिवार के सदस्य की मदद से मतदान कर सकेंगे। किसी भी विवाद की स्थिति में चुनाव समिति का निर्णय अंतिम और मान्य होगा। बैठक में चुनाव समिति के सदस्यों के अलावा कोतवाल चेतन रावत, ग्राम प्रधान पंकज तिवारी, मनोज पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे। फिलहाल मंदिर समिति चुनाव को लेकर पूर्णागिरि धाम क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं।

