नवीनतमनैनीतालहादसा

हल्द्वानी में तेज रफ्तार बनी काल! सड़क हादसे में बुझ गए दो घरों के चिराग

ख़बर शेयर करें -

टांडा रोड पर एस बैंड के पास पेड़ से टकराई बाइक, 25 वर्षीय चेतन चौहान और 24 वर्षीय वैभव छाबरा की मौत

हल्द्वानी। टांडा रोड पर शुक्रवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा एस बैंड के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उपचार के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार 18 सितंबर की सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुआ। एक राहगीर ने पुलिस को सड़क हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दोनों बाइक सवार युवक अचेत अवस्था में पड़े मिले। पुलिस ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक मौके पर पहुंचने के दौरान दोनों युवकों के सिर और मुंह से खून निकल रहा था। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय चेतन चौहान और 24 वर्षीय वैभव छाबरा के रूप में हुई है। दोनों युवक रुद्रपुर के फुलसुंगी क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मृतकों के परिजनों को जानकारी दी। परिजन अस्पताल पहुंचे तो वहां कोहराम मच गया। एक ही हादसे में दो युवकों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

.

पुलिस टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए हैं। प्रथम दृष्टया पुलिस हादसे की वजह बाइक की तेज रफ्तार मान रही है। आशंका है कि अधिक गति के कारण बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस ने दोनों शवों को पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मोर्चरी भेज दिया है।