चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

लोहाघाट: सीएम धामी ने किया भगवत प्रसाद पांडेय की पुस्तक ‘पहाड़ों से निकली पहाड़ों की कहानियां‘ का विमोचन

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट। रविवार को यहां आयोजित ‘संग्ज्यू-2024‘ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कलक्ट्रेट चम्पावत के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी भगवत प्रसाद पाण्डेय की पुस्तक ‘पहाड़ों से निकली पहाड़ों की कहानियाँ‘ का विमोचन किया।

मालूम हो कि भगवत प्रसाद पाण्डेय वर्ष 1987 से हिंदी साहित्य के साथ ही कुमाऊनी बोली में लेखन की हर विधा में रचना कर रहे हैं। उनकी रचनाओं को बाल पत्रिकाओं के अलावा देश की विभिन्न पत्र.पत्रिकाओं में व्यापक स्थान मिलता रहा है। अब तक उनकी शताधिक कहानी, कविताएं, व्यग्य, आलेख प्रकाशित हो चुके हैं। उनकी रुचि बाल साहित्य में अधिक रही है। इसके साथ ही समय समय पर समसामयिक मुद्दों पर लिखने वाले भगवत प्रसाद पाण्डेय के कहानी संग्रह में 31 कहानियों का रोचक संग्रह है। वहीं पुस्तक की एक ख़ास बात यह है कि किताब में सभी कहानियों के चित्र उनके द्वारा स्वयं बनाये गए हैं। पुस्तक को न्यू वर्ल्ड पब्लिकेशन नई दिल्ली ने प्रकाशित किया है। यह पुस्तक प्रसिद्ध ऑनलाइन एप्लिकेशन अमेजन पर भी उपलब्ध है। इसके साथ ही यह पुस्तक नई दिल्ली में चल रहे विश्व पुस्तक मेला-2024 में भी प्रदर्शित हो रही है। भगवत प्रसाद पांडेय ने बताया कि जल्द ही पुस्तक स्थानीय बाज़ार में भी विक्रय हेतु उपलब्ध होगी।


पुस्तक के विमोचन होने पर क्षेत्रीय सांसद अजय टम्टा, ज़िला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय, लोहाघाट के पूर्व विधायक पूरन सिंह फ़र्त्याल, चम्पावत के ज़िला अधिकारी नवनीत पांडेय, अपर ज़िलाधिकारी हेमंत कुमार वर्मा, उपजिलाधिकारी लोहाघाट रिंकु बिष्ट, सीडीओ संजय कुमार, ज़िला सूचना अधिकारी गिरजा शंकर जोशी, भाजपा ज़िला अध्यक्ष निर्मल माहरा, चम्पावत के विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, शंकर पाण्डेय, श्याम नारायण पांडेय, गोविंद सामंत, लोहाघाट के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. भुवन चंद्र जोशी, डाॅ. कीर्ति बल्लभ सग़टा, राजस्व विभाग से जुड़े हुए अधिकारी कर्मचारियों, क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों आदि ने शुभकामनाएं दी हैं।