क्राइमचंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

लोहाघाट : भाई की गला काटकर हत्या की सूचना निकली फर्जी, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

डायल 112 पर कॉल कर किया था हत्या का दावा, पुलिस के साथ वन विभाग और अन्य आपातकालीन टीमें भी पहुंच गई थीं मौके पर

लोहाघाट/चम्पावत। डायल 112 पर अपने भाई की गला काटकर हत्या किए जाने की झूठी सूचना देकर पुलिस और अन्य विभागों को गुमराह करने के मामले में लोहाघाट पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जांच में हत्या की सूचना पूरी तरह फर्जी निकली। जिस व्यक्ति की हत्या किए जाने का दावा किया गया था, वह लोहाघाट से दिल्ली जा रहा था।

Ad

पुलिस के मुताबिक 12 नवंबर की रात करीब 9:19 बजे नवल किशोर पुजारी पुत्र स्वर्गीय त्रिलोचन पुजारी, निवासी ग्राम सुई खेशकाण्डे, थाना लोहाघाट ने डायल 112 पर सूचना दी कि उसके भाई की किसी व्यक्ति ने गला काटकर हत्या कर दी है। कॉलर ने खुद घटना होते देखने और हत्यारे को पहचानने का दावा भी किया। हत्या जैसी गंभीर सूचना मिलने पर लोहाघाट पुलिस तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग, 108 एंबुलेंस, फील्ड यूनिट और साइबर सेल की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं।

पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल और पूछताछ की तो सूचना की सच्चाई पर संदेह हुआ। इसके बाद जिस व्यक्ति की हत्या किए जाने की सूचना दी गई थी, उससे वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क किया गया। सत्यापन में पता चला कि संबंधित व्यक्ति सुरक्षित है और लोहाघाट से दिल्ली जा रहा है। इस तरह हत्या की पूरी कहानी झूठी निकली। पुलिस ने झूठी सूचना देकर सरकारी तंत्र को गुमराह करने, पुलिस एवं अन्य आपातकालीन विभागों के संसाधनों को अनावश्यक रूप से व्यस्त करने तथा आमजन में भय और सनसनी फैलाने के आरोप में नवल किशोर पुजारी को धारा 172 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।

चम्पावत पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डायल 112 का उपयोग केवल वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में ही करें। झूठी और भ्रामक सूचना देने से पुलिस एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं का समय और संसाधन बर्बाद होते हैं। इससे किसी वास्तविक जरूरतमंद को समय पर सहायता मिलने में देरी हो सकती है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Ad