हैड़ाखान मार्ग पर 100 मीटर गहरी खाई में गिरी बाइक, पेंटर की मौत; साथी लापता
गौला नदी से बरामद हुआ 48 वर्षीय दिलीप कुमार का शव, एसडीआरएफ-पुलिस राजू आर्या की तलाश में जुटी
हल्द्वानी। काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र के हैड़ाखान मार्ग पर भोड़िया गांव के पास दर्दनाक हादसा हो गया। एक बाइक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार गौलापार निवासी पेंटर दिलीप कुमार (48) की मौत हो गई। सोमवार सुबह उसका शव गौला नदी से बरामद किया गया। वहीं बाइक पर सवार उसका साथी राजू आर्या अभी लापता है। एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
पुलिस के अनुसार दिलीप कुमार और राजू आर्या शनिवार रात से घर नहीं लौटे थे। रविवार दोपहर परिजनों ने काठगोदाम कोतवाली पहुंचकर दोनों के लापता होने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की। राजू आर्या पेशे से दर्जी है। राजू के भाई हेमंत आर्या ने बताया कि दिलीप को खन्स्यू में पेंट का बड़ा ठेका मिला था। ठेके का सौदा तय करने के लिए वह शनिवार को राजू के साथ हैड़ाखान गया था। उनके साथ दो अन्य बाइकों पर रोडवेज कर्मी समेत कुछ अन्य लोग भी गए थे। बताया गया कि ठेका तय होने के बाद दिलीप को 70 हजार रुपये अग्रिम भुगतान मिला था।
इसके बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने पार्टी की और फिर अपने-अपने वाहनों से घर के लिए रवाना हुए। अन्य साथी आगे निकल गए, लेकिन दिलीप और राजू घर नहीं पहुंचे। रविवार को दोनों के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तलाश तेज कर दी। सोमवार सुबह पुलिस को गौला नदी में दिलीप का शव मिला। इसके बाद जांच के दौरान पुलिस टीम को हादसे का संभावित घटनास्थल भी मिला। प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।पुलिस और बचाव दल अब लापता राजू आर्या की तलाश में जुटे हुए हैं। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

