बरेली रोड पर फिर खूनी हादसा, कैंटर की टक्कर से दो युवकों की मौत
नगला दवाई फार्म के पास देर रात हुआ हादसा, 21 और 24 वर्ष के दो युवकों की मौत से परिवारों में मातम
लालकुआं/नैनीताल। बरेली रोड पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार देर रात नगला दवाई फार्म के समीप कैंटर और स्कूटी के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब दस बजे स्कूटी संख्या UK 04 AN 5112 पर सवार दो युवक लालकुआं से किच्छा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नगला दवाई फार्म के पास उनकी स्कूटी की कैंटर से टक्कर हो गई। दुर्घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान चेतन बिष्ट (21), निवासी पश्चिमी देवलातपुर, और दीक्षित बिष्ट (24), निवासी भवाली, के रूप में बताई गई है। दोनों को उपचार के लिए हल्द्वानी ले जाने की व्यवस्था की गई, लेकिन एक युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की उपचार के दौरान मौत हो गई। दो युवकों की असमय मौत से उनके परिजनों में मातम पसरा है।
बरेली रोड पर लगातार हो रही दुर्घटनाएं एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही और तेज रफ्तार के बीच दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इससे पहले भी कैंटर और अन्य वाहनों की टक्कर में कई लोगों की जान जा चुकी है। लगातार सामने आ रहे हादसों के मद्देनजर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था मजबूत करने, वाहनों की गति नियंत्रित करने और सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय लागू करने की जरूरत महसूस की जा रही है। नगला दवाई फार्म के पास हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क पर सुरक्षित सफर को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

