उधमसिंह नगरनवीनतमहादसा

पटाखे का धमाका बना मौत का सबब, गले में धातु का टुकड़ा घुसने से पीएसी जवान की मौत

ख़बर शेयर करें -

तीन महीने पहले ही बेटी का हुआ था जन्म, नामकरण संस्कार में शामिल होकर लौटा था प्रशिक्षण पर; प्रतिबंध के बावजूद परिसर में पटाखे पहुंचने की जांच

रुद्रपुर। दीपावली पर पटाखे जलाने का शौक 46वीं वाहिनी पीएसी के एक युवा रिक्रूट की जान ले गया। धातु के कप के नीचे पटाखा रखकर जलाने के दौरान हुए विस्फोट में उछला धातु का टुकड़ा 25 वर्षीय विष्णु के गले में जा घुसा। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे से पीएसी परिसर में हड़कंप मच गया।

Ad

जानकारी के अनुसार, हरिद्वार जिले के पथरी क्षेत्र के बहादुरपुर जट निवासी मांगेराम का पुत्र विष्णु करीब छह माह पहले 46वीं वाहिनी पीएसी में रिक्रूट के तौर पर प्रशिक्षण लेने आया था। रविवार सुबह वह कुछ अन्य रिक्रूटों के साथ वाहिनी परिसर स्थित स्नानागार के पास नहाने गया था। इसी दौरान उसने एक धातु के कप के नीचे पटाखा रखकर आग लगा दी। विस्फोट की आशंका को देखते हुए उसके साथी दीवार के पीछे चले गए, लेकिन विष्णु पटाखे के नजदीक ही खड़ा रहा। पटाखा फटते ही धातु का टुकड़ा तेज गति से उछलकर उसके गले में जा लगा।

साथी तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि धातु का टुकड़ा सांस की नली में फंसने से उसकी जान गई। हालांकि, हादसे की वास्तविक परिस्थितियों की जांच की जा रही है। इस घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। विष्णु विवाहित था और करीब तीन महीने पहले ही उसके घर बेटी ने जन्म लिया था। वह बेटी के नामकरण संस्कार में शामिल होने के लिए छुट्टी पर घर गया था। इसके बाद वह वापस प्रशिक्षण के लिए पीएसी परिसर लौट आया था। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

सेनानायक पंकज भट्ट ने बताया कि पीएसी परिसर में रिक्रूटों के लिए आतिशबाजी पूरी तरह प्रतिबंधित थी। घटना के समय ड्यूटी पर तैनात एक अन्य रिक्रूट ने विष्णु को पटाखा जलाने से रोकने का प्रयास भी किया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देहरादून में परेड में शामिल होने गए कुछ रिक्रूट अपने साथ पटाखे लेकर आए थे। प्रतिबंध के बावजूद परिसर में पटाखे कैसे पहुंचे, इसकी भी जांच की जा रही है।

सेनानायक ने मामले की जांच असिस्टेंट कमांडेंट प्रतिभा भट्ट को सौंपी है। जांच में हादसे की परिस्थितियों के साथ ही परिसर में प्रतिबंधित पटाखे पहुंचने और सुरक्षा नियमों के पालन में संभावित लापरवाही की पड़ताल की जाएगी। सेनानायक के अनुसार, नियमानुसार मृतक के परिवार को एक लाख दस हजार रुपये की आर्थिक सहायता और अंतिम संस्कार के लिए दस हजार रुपये दिए गए हैं।

Ad