देहरादून में खुखरी से युवक की हत्या, संपत्ति विवाद में चचेरे भाई पर भी हमला; सुसवा नदी किनारे मिला लापता इलेक्ट्रीशियन का शव
रायपुर के तल्ला अधोईवाला में नानी की देखभाल और जमीन-मकान को लेकर विवाद की आशंका, तीन दिन से लापता 50 वर्षीय एरिक जॉन की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा स्पष्ट
देहरादून। राजधानी देहरादून में दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी। रायपुर थाना क्षेत्र के तल्ला अधोईवाला में संपत्ति विवाद के चलते खुखरी से वार कर एक युवक की हत्या कर दी गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचा उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में सुसवा नदी किनारे जंगल से तीन दिन से लापता इलेक्ट्रीशियन का शव बरामद हुआ है।
संपत्ति विवाद में खुखरी से हमला, गौरव की मौत
रायपुर थाना क्षेत्र के तल्ला अधोईवाला में हुई घटना के पीछे नानी की देखभाल और जमीन-मकान को लेकर पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। घायल युवक के मुताबिक, गौरव उससे मिलने आया था। इसी दौरान परिवार के कुछ लोगों ने उसे घर के भीतर खींचने की कोशिश की। बीच-बचाव करने पहुंचे घायल युवक पर भी हमला कर दिया गया। आरोप है कि नितिन ने खुखरी से गौरव के सिर और गर्दन पर वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि नानी की देखभाल और संपत्ति को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक और घायल युवक नानी की देखभाल करते थे, जिसको लेकर अन्य परिजनों से उनकी रंजिश थी। घायल ने यह भी दावा किया कि पूर्व में विवाद को लेकर पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
थाना रायपुर प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराने के साथ आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों से पूछताछ कर हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
तीन दिन से लापता इलेक्ट्रीशियन का जंगल में मिला शव
दूसरी घटना में नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के नोका-दूधली रोड पर सुसवा नदी किनारे जंगल में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान 50 वर्षीय एरिक जॉन पुत्र जॉन शेरी, निवासी छोटा भारूवाला, ओस्ले लेन, क्लेमेंटटाउन के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह राजपूताना फार्म से आगे सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान कराई। परिजनों ने बताया कि एरिक इलेक्ट्रीशियन का काम करता था और 7 नवंबर को काम के सिलसिले में घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा है। थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी देवेंद्र चौहान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

