उधमसिंह नगरक्राइमनवीनतम

खटीमा में नशे के इंजेक्शन के लिए दोस्त बना हत्यारा, 20 वर्षीय अभय की गला घोंटकर हत्या; गटर में छिपाया शव

ख़बर शेयर करें -

मोबाइल लौटाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार; हत्या में इस्तेमाल नाड़ा और 600 रुपये बरामद

खटीमा/ऊधमसिंह नगर। खटीमा के चर्चित अभय हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महज नशे के इंजेक्शन को लेकर हुए विवाद में एक दोस्त ने ही अपने 20 वर्षीय साथी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को घटनास्थल के पास स्थित गटर में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी संजय गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर शव, हत्या में इस्तेमाल किया गया लोअर का नाड़ा और 600 रुपये बरामद किए गए हैं।

Ad

पुलिस के मुताबिक वार्ड नंबर 17 शिव कॉलोनी निवासी रवि ने 9 नवंबर को कोतवाली खटीमा में तहरीर देकर बताया था कि उसका 20 वर्षीय भाई अभय उर्फ लल्लू 7 नवंबर की रात करीब नौ बजे घर से बिना बताए चला गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।

जांच और सुरागरसी के दौरान पुलिस को अभय के परिचित संजय गुप्ता पर संदेह हुआ। बताया गया कि संजय ने अभय का मोबाइल फोन उसके परिजनों को यह कहकर लौटाया था कि फोन उसे रास्ते में पड़ा मिला। इस पर पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में संजय ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए शव को गटर में छिपाने का खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार संजय और अभय पुराने दोस्त थे और दोनों नशे के आदी थे। 7 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे दोनों शिव कॉलोनी चौराहे पर मिले और वहां से कॉलोनी के पीछे खाली मैदान में चले गए। आरोपी के कथित बयान के मुताबिक दोनों स्मैक का सेवन करने के लिए इंजेक्शन तैयार कर रहे थे। इसी दौरान एक इंजेक्शन गिरने और बचे हुए इंजेक्शन को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर संजय ने पहले अभय का गला दबाया और फिर उसके लोअर के नाड़े से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने अभय के पास मौजूद करीब 2,300 रुपये और मोबाइल फोन अपने पास रख लिए। इसके बाद शव को घटनास्थल से लगभग 15 से 20 मीटर दूर स्थित गटर में फेंककर छिपा दिया। पुलिस के मुताबिक पकड़े जाने के डर से आरोपी ने 8 नवंबर को मोबाइल फोन मृतक के बड़े भाई रवि को यह कहकर लौटा दिया कि उसे फोन रास्ते में मिला था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक से मिले 2,300 रुपये में से 1,700 रुपये उसने दीपावली पर खर्च कर दिए, जबकि शेष 600 रुपये उसके पास बचे थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ये 600 रुपये और हत्या में इस्तेमाल किया गया नाड़ा बरामद कर लिया है।

Ad