चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत में धूमधाम से मनाया गया राज्य स्थापना दिवस, आंदोलनकारियों और शहीदों के बलिदान को किया नमन

ख़बर शेयर करें -

26वीं वर्षगांठ पर उत्कृष्ट कृषकों, फ्रंटलाइन कर्मियों और वीर बालिका माया कांडपाल को किया सम्मानित, विकास पुस्तिका का भी हुआ विमोचन

चम्पावत। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ जनपद मुख्यालय में उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाई गई। जिला सभागार में आयोजित कार्यक्रम में राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान को याद किया गया। इस दौरान जिले के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को सम्मानित कर राज्य के विकास में उनकी भूमिका को सराहा गया।

Ad

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी और जिलाधिकारी मनीष कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालयी छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से प्रकाशित विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया गया। पुस्तिका में सरकार की उपलब्धियों और जनपद में संचालित विकास कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया गया है।

आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित

राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले वरिष्ठ आंदोलनकारियों को मंच पर शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इनमें आंदोलनकारी जिला अध्यक्ष बसंत सिंह तड़ागी और शंकर पांडे सहित अन्य आंदोलनकारी शामिल रहे। आंदोलनकारी श्याम नारायण पांडे, नवीन मुरारी सहित अन्य वक्ताओं ने राज्य निर्माण के संघर्षपूर्ण दिनों को याद करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड का गठन लंबे संघर्ष और बलिदानों का परिणाम है। नई पीढ़ी को राज्य की अस्मिता और विकास की रक्षा के लिए आगे आना चाहिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने भी आंदोलनकारियों के संघर्ष को नमन करते हुए कहा कि आज का उत्तराखण्ड उनके त्याग और बलिदान का प्रतिफल है। उन्होंने प्रदेश एवं जनपदवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

किसानों और योजनाओं के लाभार्थियों को मिली आर्थिक सहायता

कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच प्रगतिशील कृषकों को सम्मानित किया गया। वहीं पशुपालन विभाग की ओर से मुकेश सिंह बोहरा को गोपालन के लिए 36 हजार रुपये तथा जीवनी देवी और रश्मि पांडे को बकरी पालन योजना के तहत 35-35 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई।

वीर बालिका माया कांडपाल सहित जनसेवा कर्मियों का सम्मान

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के फ्रंटलाइन कर्मियों को उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। इनमें यूपीसीएल के दो लाइनमैन, 10 पर्यावरण मित्र, तीन पंप ऑपरेटर और पांच गैंगमैन सहित अन्य विभागों के कार्मिक शामिल रहे। मुख्यमंत्री बाल वीरता पुरस्कार से सम्मानित जनपद की वीर बालिका माया कांडपाल को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों से पहुंची छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन जीवन चंद्र कलौनी ने किया।

डीएम ने विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। कृषि, उद्यान, पशुपालन, भेषज, रेशम, चिकित्सा, बाल विकास, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उद्योग, आयुर्वेद और होम्योपैथी सहित विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शत-प्रतिशत पहुंचाया जाए। उन्होंने विभागीय योजनाओं और नवाचारों का ग्रामीण स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा आम जनता को त्वरित लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगौली, रोहित बिष्ट, हेमा जोशी, किरन देवी, मनोज कालाकोटी, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, राज्य आंदोलनकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Ad