टनकपुर : बुटीक में रॉकेट गिरने से लगी आग; 60 हजार का सामान राख
स्थानीय लोगों ने दुकान का ताला खोलकर पानी से बुझाई आग, संयुक्त टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
टनकपुर/चम्पावत। दीपावली की देर रात आतिशबाजी के दौरान डिग्री कॉलेज मार्ग स्थित सुनीता बुटीक में रॉकेट गिरने से आग लग गई। आग से दुकान में रखे कपड़े और अन्य सामान जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दुकान का ताला खोलकर पानी की मदद से आग पर काबू पा लिया।
दुकान स्वामी सुमित्रा जोशी के अनुसार, रात करीब 10 बजे रॉकेट गिरने से दुकान में आग लगी। हादसे में विवाह समारोहों में इस्तेमाल होने वाले वस्त्रों समेत अन्य जरूरी सामान जलकर नष्ट हो गया। उन्होंने आग से करीब 50 से 60 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है। अग्निशमन अधिकारी अमर सिंह अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को नहीं मिली थी। सुबह एसडीएम प्रमोद कुमार से जानकारी मिलने के बाद राजस्व, पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि संयुक्त टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार कर रही है। रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। निरीक्षण के दौरान राजस्व उप निरीक्षक राकेश पंगरिया, अग्निशमन अधिकारी अमर सिंह अधिकारी, प्रकाश चंद्र सती, वरिष्ठ उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह कोरंगा, हेड कांस्टेबल हितेश वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
दीपावली की आतिशबाजी बनी हादसे की वजह, पटाखों की चपेट में आकर तीन युवक घायल
टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में कराया गया उपचार, हालत में सुधार के बाद तीनों को मिली छुट्टी
टनकपुर/चम्पावत। दीपावली की देर रात आतिशबाजी के दौरान पटाखों की चपेट में आने से तीन युवक घायल हो गए। घायलों को तत्काल उप जिला चिकित्सालय टनकपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. उमर ने उनका उपचार किया। प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधा देने के बाद तीनों युवकों की हालत में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायलों में विशाल गुप्ता (28) पुत्र अजय गुप्ता निवासी शारदा घाट, अमित कपूर पुत्र चरण कपूर निवासी वार्ड नंबर 11 तथा शेखर सिंह (28) पुत्र अजय सिंह निवासी नायकगोठ शामिल हैं। दीपावली की रात आतिशबाजी के दौरान हुए इस हादसे में तीनों युवकों को चोटें आईं। अस्पताल में उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य होने पर चिकित्सकों ने उन्हें घर भेज दिया।

