लोहाघाट में पूरन फर्त्याल का शक्ति प्रदर्शन, हजारों की भीड़ जुटाकर 2027 के लिए ठोकी ताल
भाजपा में 20 साल पूरे होने पर निकाली जन आशीर्वाद रैली, कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी पर साधा निशाना; बोले- पैसे के दम पर चुनाव जीतने वालों को जनता सिखाएगी सबक
लोहाघाट/चम्पावत। विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच लोहाघाट की सियासत में पूर्व भाजपा विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने अपनी ताकत का अहसास कराया। भाजपा में 20 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित जन आशीर्वाद रैली में उमड़ी हजारों लोगों की भीड़ के बीच फर्त्याल ने न केवल अपनी राजनीतिक सक्रियता का संदेश दिया, बल्कि कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी पर तीखे हमले कर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से ताल ठोक दी। उन्होंने दावा किया कि 2027 में जनता पैसे की ताकत पर चुनाव जीतने का सपना देखने वालों को करारा जवाब देगी और चम्पावत जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर भाजपा का परचम लहराएगा।
सोमवार को शीतला माता मंदिर से शुरू हुई जन आशीर्वाद रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रामलीला मैदान पहुंची। रैली में दूरदराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई। रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में भाजपा नेताओं ने जनता को संबोधित किया और रैली की सफलता को जनता का समर्थन बताया।
जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
इसके बाद फर्त्याल ने स्थानीय कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र का विकास पिछले 10 वर्षों की तुलना में पीछे चला गया है। विधायक निधि का इस्तेमाल जनता के विकास के बजाय चुनावी राजनीति के लिए किए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और 2027 के चुनाव में इसका जवाब देगी। उन्होंने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके समय में शुरू की गई कई महत्वपूर्ण योजनाएं और अधूरे विकास कार्य आज भी लंबित पड़े हैं।


फर्त्याल ने विधायक पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि जो लोग धनबल के सहारे चुनाव जीतने की सोच रहे हैं, उन्हें इस बार जनता के बीच मुंह की खानी पड़ेगी। उन्होंने धारचूला विधायक हरीश धामी पर भी निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति कथित अभद्र भाषा के प्रयोग की निंदा की। कहा कि इस तरह की भाषा कांग्रेस की राजनीतिक मानसिकता को दर्शाती है।
पूर्व विधायक ने 2022 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए रैली में अनुपस्थित रहे कुछ भाजपा नेताओं पर उस समय कांग्रेस का साथ देने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस बार ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह पद पर रहें या न रहें, हमेशा क्षेत्र की जनता के साथ खड़े रहेंगे। साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए जनता से आशीर्वाद मांगा। फर्त्याल ने दावा किया कि वर्ष 2027 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी और चम्पावत जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर पार्टी जीत दर्ज करेगी। कार्यक्रम का संचालन शांभवी मुरारी ने किया।


रैली में भाजपा मंडल अध्यक्ष गिरीश कुंवर, नगर पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा, ब्लॉक प्रमुख महेंद्र ढेक, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश करायत, चंद्रशेखर बगोली, राजेश बिष्ट, बहादुर फर्त्याल, प्रवीण पांडे, प्रकाश राय, केशर सिंह, नवीन बोहरा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुषमा फर्त्याल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनीता फर्त्याल, सामाजिक कार्यकर्ता हरिता बगौली, निर्मला अधिकारी, गंगा देवी, भावना गरकोटी, रेखा पचौली, देवकी जोशी, हीरा अधिकारी, अनीता देवी, मंजू जोशी, दीपा जोशी और पुष्पा खर्कवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद शामिल रहे।

