चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमराजनीति

चम्पावत : जौलजीबी मेले में हंगामे के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, विधायक हरीश धामी का पुतला फूंका

ख़बर शेयर करें -

मेले की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की उठाई मांग

चम्पावत। जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान 14 नवंबर को हुए हंगामे, तोड़फोड़, मारपीट और अभद्रता के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने चम्पावत और टनकपुर में प्रदर्शन कर धारचूला विधायक हरीश धामी का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

Ad

चम्पावत में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि जौलजीबी जैसे महत्वपूर्ण सांस्कृतिक आयोजन के मंच पर जिस तरह हंगामा, मारपीट और अभद्रता की गई, वह देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराओं के विपरीत है। उन्होंने कहा कि जौलजीबी मेला उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और भारत-नेपाल की साझा परंपराओं का प्रतीक है। ऐसे आयोजन में अव्यवस्था और अभद्रता की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं।

भाजपा नेताओं ने चम्पावत विधायक एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों की भी निंदा की। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला उपाध्यक्ष कैलाश अधिकारी, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा, एससी मोर्चा के प्रदेश मंत्री सूरज प्रहरी, दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडेय, दर्जा मंत्री मुकेश महराना, जिला पंचायत सदस्य कृष्णानंद जोशी, विधायक प्रतिनिधि, नगर पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय, सभासद रोहित बिष्ट, प्रकाश बिनवाल, सुनील पुनेठा, पारस महर, मोहन सिंह अधिकारी, लक्ष्मण सिंह तथा लोहाघाट नगर पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा, गोविंद बोहरा समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

टनकपुर में भी फूंका पुतला

उधर, टनकपुर में भाजपा मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। यहां भी विधायक हरीश धामी का पुतला दहन कर जौलजीबी मेले में हुई घटना पर आक्रोश जताया गया। प्रदर्शन में भाजयुमो जिलाध्यक्ष मुकेश जोशी, मंडल महामंत्री कुमुद जोशी, नगर पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार, दर्जा मंत्री हेमा जोशी, किरण देवी, हरीश भट्ट, बबीता गोस्वामी, हंसा जोशी, नारायण सिंह महर, कोमल गिरी और हरीश जोशी सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे। भाजपा नेताओं ने कहा कि सांस्कृतिक आयोजनों की गरिमा बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। उन्होंने जौलजीबी मेले की घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग दोहराई।

Ad