चंपावतनवीनतमबनबसा

बनबसा में 37.82 लाख की लागत से बन रहा सैनिक स्मारक अंतिम चरण में, 99% निर्माण कार्य पूरा

ख़बर शेयर करें -

बनबसा/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में जनपद चम्पावत के बनबसा में 37.82 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन सैनिक स्मारक का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के साथ गुणवत्ता सुनिश्चित की जा रही है।

बुधवार को जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह (सेवानिवृत्त) ने कैप्टन भानी चन्द (सेवानिवृत्त) एवं नगर पंचायत बनबसा के जूनियर इंजीनियर प्रकाश चंद के साथ निर्माणाधीन सैनिक स्मारक का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

Ad Ad

निरीक्षण के दौरान बताया गया कि सैनिक स्मारक का करीब 99 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब केवल जनपद चम्पावत के 62 वीर शहीदों के नाम स्मारक पर उत्कीर्ण किए जाने का कार्य शेष है। इसके लिए शहीदों की प्रमाणित सूची कार्यदायी संस्था नगर पंचायत परिषद बनबसा के अधिशासी अधिकारी को उपलब्ध करा दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह (सेवानिवृत्त) ने कहा कि सैनिक स्मारक का निर्माण उत्कृष्ट गुणवत्ता के साथ किया गया है और यह उनकी परिकल्पना एवं अपेक्षाओं के अनुरूप आकार ले चुका है। उन्होंने निर्माण कार्य में जुटे सभी अधिकारियों और कार्यदायी संस्था की सराहना करते हुए कहा कि स्मारक पूर्ण होने के बाद यह जनपद चम्पावत के वीर शहीदों के अदम्य साहस, बलिदान और राष्ट्रसेवा का प्रेरणास्रोत बनेगा।

उन्होंने कहा कि सैनिक स्मारक केवल एक भवन नहीं, बल्कि देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के प्रति राष्ट्र की सच्ची श्रद्धांजलि है। यह आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और वीरता की प्रेरणा देगा तथा जनपदवासियों के लिए गौरव का केंद्र बनेगा।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शेष कार्य निर्धारित समयावधि में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर सैनिक स्मारक को शीघ्र जनसामान्य के लिए समर्पित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह पहल जनपद के वीर शहीदों की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने और उनके सर्वोच्च बलिदान को सदैव जीवंत रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।