चम्पावत में केंद्रीय औषधि भंडार का निरीक्षण, जांच के लिए 8 दवाओं के नमूने भेजे जाएंगे
चम्पावत। अपर आयुक्त औषधि नियंत्रक, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में जनपद में गुणवत्तापूर्ण एवं मानक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय स्थित केंद्रीय औषधि भंडार का गहन निरीक्षण किया गया।
औषधि निरीक्षक हर्षिता ने निरीक्षण के दौरान दवाओं के निर्धारित तापमान पर सुरक्षित भंडारण, ई-औषधि सॉफ्टवेयर के संचालन तथा औषधियों के क्रय बिलों की विस्तृत जांच की। निरीक्षण में मनःप्रभावी (साइकोट्रॉपिक) दवाओं के पृथक भंडारण, उनके रिकॉर्ड, तापमान एवं आर्द्रता नियंत्रण प्रणाली की कार्यशीलता का भी परीक्षण किया गया, ताकि तापमान-संवेदनशील दवाओं की गुणवत्ता और प्रभावशीलता बनी रहे।


इसके साथ ही एक्सपायर हो चुकी दवाओं के सुरक्षित निस्तारण तथा उन्हें मुख्य स्टॉक से अलग रखने के सख्त निर्देश दिए गए। जांच में पाया गया कि अधिकांश दवाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित रूप से संग्रहित की गई हैं तथा उनके वितरण का रिकॉर्ड भी सुव्यवस्थित है।
दवाओं की गुणवत्ता की पुष्टि के लिए मौके से 8 औषधियों के नमूने एकत्रित कर राजकीय विश्लेषणशाला भेजे जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान स्टोर प्रभारी को परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा किसी भी दवा की गुणवत्ता पर संदेह होने की स्थिति में तत्काल औषधि नियंत्रण विभाग को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दवाओं की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और इस प्रकार के निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। निरीक्षण के दौरान मुख्य फार्मेसी अधिकारी मनोज कुमार टम्टा, फार्मेसी अधिकारी प्रेम टम्टा तथा सहायक खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन दिनेश फर्त्याल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

