लोहाघाट में दो दुकानों में चोरी का खुलासा, नशे की लत पूरी करने के लिए वारदात को दिया अंजाम; आरोपी गिरफ्तार
12 हजार रुपये नकद और चोरी के बर्तन बरामद, पुलिस ने मायावती आश्रम तिराहे से दबोचा 23 वर्षीय युवक
लोहाघाट/चम्पावत। लोहाघाट में दो दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 हजार रुपये की नकदी समेत चोरी किए गए बर्तन बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस के मुताबिक 12 नवंबर को निर्मल सिंह ने अपनी दुकान में चोरी होने की शिकायत थाना लोहाघाट में दर्ज कराई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआईआर संख्या 39/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। घटना के खुलासे के लिए थानाध्यक्ष ओमप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर सुरागरसी और संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।
इसी दौरान 12 नवंबर को पुलिस टीम गश्त और संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मायावती आश्रम जाने वाले तिराहे पर सफेद और भूरे रंग की हुडी पहने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। उसके कब्जे से चोरी से संबंधित नकदी और अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहित कुमार (23) पुत्र मनोज कुमार, निवासी गैस गोदाम के निकट लोहाघाट के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 12 हजार रुपये नकद, एक एल्यूमीनियम फ्राईपैन, एक एल्यूमीनियम डेक, एक नॉनस्टिक कढ़ाई, एक स्टील की थाली, एक ड्राइविंग लाइसेंस और एक आधार कार्ड बरामद किया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने नशे का आदी होना और अपनी लत पूरी करने के लिए छोटी-मोटी चोरियां करना तथा चोरी का सामान बेचकर रुपये जुटाना बताया। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई को पुलिस ने चोरी की घटनाओं के अनावरण में महत्वपूर्ण सफलता बताया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, अपर उपनिरीक्षक लाल सिंह अधिकारी, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, कांस्टेबल पवन भट्ट, अनिल शर्मा, संजय साहनी और टीपी हेम चंद्र मेहरा शामिल रहे।
चम्पावत पुलिस ने व्यापारियों से दुकानों और प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा अन्य सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की है। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूक करने और नशे के अवैध कारोबार की सूचना मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर देने की अपील की है। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल डायल 112 या नजदीकी थाने में देने का भी अनुरोध किया है।

