गोल्ज्यू महोत्सव 2026: सांस्कृतिक संध्या का द्वितीय दिवस रहा बेहद भव्य, श्वेता मेहरा की परफॉर्मेंस ने बांधा समां

चम्पावत। गोल्ज्यू महोत्सव 2026 की सांस्कृतिक संध्या का दूसरा दिन शुक्रवार को रंगारंग और भव्य प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। लगभग 10,000 दर्शकों की मौजूदगी में कार्यक्रम दो चक्रों में आयोजित किया गया। संध्या की शुरुआत स्थानीय बाल कलाकारों और स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियों से हुई। सूचना विभाग के आवंटित दल ने भी शानदार प्रदर्शन किया। मॉडर्न इंटर कॉलेज चम्पावत के विद्यार्थियों ने होली पर आधारित मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं न्यू वीर शिवाजी स्कूल चम्पावत, इंडस नेशनल स्कूल चम्पावत और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के छात्रों ने भी विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दर्शकों का दिल जीता। स्थानीय कलाकारों में सरिता चंद, प्रिया अमर्त्य, राखी सारस्वत, पल्लवी और इंदु महल ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से माहौल को संगीतमय बना दिया।





दूसरे चक्र में संस्कृति विभाग और पायल कला केंद्र अल्मोड़ा के कलाकारों ने मंच संभाला। गायिका खुशी जोशी ने ‘अल्मोड़ा अंग्रेज आए, ‘टैक्सी में’ और ‘तू रुछी मैया तू रुछी’ जैसे लोकप्रिय गीतों पर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। गोविंद अधिकारी ने ‘गोविंद दी फुलकिया पतोली’ और ‘न्योली छपेली’ से कुमाऊंनी लोक की मिठास घोली। गढ़वाली गायक सौरभ ने ‘थड़ी’ और ‘तू पहाड़ों को रेवासी में दिल्ली रून वाली’ पर सबको नचाया। सांस्कृतिक संध्या का सबसे प्रतीक्षित और मुख्य आकर्षण श्वेता मेहरा का प्रदर्शन रहा। अपनी ऊर्जावान और बेहतरीन परफॉर्मेंस से उन्होंने वहां मौजूद करीब 10,000 दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।


भव्य संध्या का विधिवत उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय ने किया। कार्यक्रम में पूर्व शासकीय अधिवक्ता अमरनाथ वर्मा, पूर्व प्रधानाचार्य इंद्र सिंह बोहरा, महोत्सव समिति के संरक्षक देवीलाल वर्मा, कोऑपरेटिव सोसाइटी की अध्यक्ष मंजू शाह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में नगर पालिका के समस्त सभासद, अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी और उनकी पूरी टीम का विशेष योगदान रहा। संचालन में डॉ. भुवन चंद्र जोशी, अशोक वर्मा, राजेंद्र गहतोड़ी और नीरज जोशी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

