ऐपण कला में राष्ट्रीय पहचान, रमक गांव की उमा जोशी को मिला प्रतिष्ठित कमला देवी पुरस्कार
मां से सीखा हुनर, ऑनलाइन कलाकृतियां बेचकर खुद उठा रहीं पढ़ाई का खर्च; 18 माह तक मिलेगी प्रोत्साहन राशि
चम्पावत। पहाड़ की बेटियां प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। इसी कड़ी में चम्पावत जिले के देवीधुरा क्षेत्र के रमक गांव की होनहार बेटी उमा जोशी ने पारंपरिक उत्तराखंडी ऐपण कला के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाकर जिले का गौरव बढ़ाया है। दिल्ली क्राफ्ट काउंसिल की ओर से आयोजित राष्ट्रीय समारोह में उमा को उत्कृष्ट ऐपण कलाकृतियों के लिए प्रतिष्ठित कमला देवी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 21 नवंबर को आयोजित समारोह में उन्हें पुरस्कार के साथ मोबाइल फोन और प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई।

आदर्श राजकीय महाविद्यालय देवीधुरा में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा उमा जोशी को बचपन से ही पारंपरिक कला के प्रति गहरा लगाव रहा है। उन्होंने ऐपण कला का हुनर अपनी मां विमला जोशी से सीखा। उनकी दादी भागीरथी देवी और मां ने हमेशा उनका उत्साह बढ़ाया तथा कला के प्रति उनकी रुचि को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। परिवार के सहयोग और अपने निरंतर प्रयासों से उमा ने पारंपरिक ऐपण कला को न केवल अपनी पहचान बनाया, बल्कि आत्मनिर्भरता का माध्यम भी बनाया है।
उमा थाली, लोटा, कटोरा, गिलास, फोटो फ्रेम और नेम प्लेट समेत विभिन्न वस्तुओं पर आकर्षक ऐपण डिजाइन तैयार करती हैं। उनकी कलाकृतियों की ऑनलाइन बिक्री भी होती है, जिससे प्राप्त आमदनी के जरिए वह अपनी पढ़ाई का खर्च स्वयं उठा रही हैं। कमला देवी पुरस्कार के तहत उन्हें 18 महीने तक प्रतिमाह एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।

उमा ने बताया कि बचपन से ही उन्हें कला के प्रति विशेष रुचि रही है। उनकी दादी भागीरथी देवी ने उनकी भावनाओं को समझते हुए हर कदम पर प्रोत्साहित किया। उनके विश्वास और सहयोग ने ही उन्हें अपनी कला निखारने की प्रेरणा दी। राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड की पारंपरिक लोककला ऐपण का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, कला के प्रति लगाव और परिवार के विश्वास का प्रतीक है।

उमा का लक्ष्य ऐपण कला को पारंपरिक स्वरूप तक सीमित रखने के बजाय नए प्रयोगों के साथ आधुनिक रूप में भी प्रस्तुत करना है। वह चाहती हैं कि नई पीढ़ी अपनी लोककला, संस्कृति और परंपराओं को समझे और उन पर गर्व करे। उनका सपना है कि उत्तराखंड की यह अनमोल सांस्कृतिक धरोहर राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान हासिल करे और आने वाली पीढ़ियों तक गौरव के साथ पहुंचती रहे।


