टनकपुर : 107.35 करोड़ से संवर रहा शारदा घाट, डीएम ने किया निरीक्षण; काम में तेजी लाने के निर्देश
निर्माण स्थल पर अतिरिक्त मशीनरी तैनात करने को कहा, गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
शारदा घाट पुनर्विकास से टनकपुर में धार्मिक पर्यटन और जनसुविधाओं को मिलेगा विस्तार
टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर के शारदा घाट को बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए 107.35 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास कार्य किया जा रहा है। शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने निर्माणाधीन शारदा घाट पुनर्विकास परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के सहायक अभियंता चंदन भारद्वाज से परियोजना के तहत अब तक हुए कार्यों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित ठेकेदार को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए मौके पर आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मशीनरी तैनात करने को कहा, ताकि संसाधनों का बेहतर उपयोग कर काम को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया जा सके। जिलाधिकारी ने निर्माण के प्रत्येक चरण में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। शारदा घाट पुनर्विकास परियोजना के प्रथम चरण की स्वीकृत लागत 107 करोड़ 35 लाख रुपये है। उत्तराखंड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की इस परियोजना का निर्माण पीआईयू-3, यूपी डीसीसी लिमिटेड, देहरादून के माध्यम से कराया जा रहा है।
‘आदर्श चम्पावत’ की परिकल्पना के अनुरूप शारदा घाट का पुनर्विकास टनकपुर में धार्मिक पर्यटन और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। परियोजना के पूर्ण होने पर घाट क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। शारदा रिवर फ्रंट के विकास से टनकपुर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, तहसीलदार पिंकी आर्या, अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल, कार्यदायी संस्था के सहायक अभियंता चंदन भारद्वाज सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

