बनबसा में 23 नवंबर से अग्निवीर भर्ती रैली, चम्पावत के जीडी अभ्यर्थियों की भर्ती 26 व 27 नवंबर को
तकनीकी और ट्रेड्समैन श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए 27 नवंबर निर्धारित, दलालों और एजेंटों से दूर रहने की सेना की अपील
चम्पावत। बनबसा सैन्य स्टेशन में 23 से 29 नवंबर तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इसमें चम्पावत और पिथौरागढ़ जनपदों के अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। चम्पावत के अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी) अभ्यर्थियों के लिए 26 और 27 नवंबर की तिथियां निर्धारित की गई हैं, जबकि दोनों जनपदों के तकनीकी और ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं उत्तीर्ण) श्रेणी के अभ्यर्थियों की भर्ती 27 नवंबर को होगी।
सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) पिथौरागढ़ के कर्नल अमोल दबडघाव ने बताया कि भर्ती वर्ष 2027 के लिए उत्तराखंड में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैलियों की श्रृंखला में यह तीसरी रैली है। इसका आयोजन जोनल भर्ती कार्यालय (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अधीन सेना भर्ती कार्यालय पिथौरागढ़ की ओर से किया जाएगा। पिथौरागढ़ जनपद के अग्निवीर जनरल ड्यूटी अभ्यर्थियों की भर्ती 23, 24 और 25 नवंबर को होगी।


उन्होंने बताया कि रैली में केवल वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने 1 से 12 जून 2026 तक आयोजित ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) उत्तीर्ण की है। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में दर्ज तिथि और समय के अनुसार बनबसा सैन्य स्टेशन पहुंचना होगा। साथ ही प्रवेश पत्र के साथ भर्ती अधिसूचना में उल्लिखित सभी मूल दस्तावेज लाना अनिवार्य होगा।
कर्नल दबडघाव ने कहा कि भारतीय सेना और प्रशासन भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता आधारित बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से भर्ती के नाम पर ठगी करने वाले दलालों, एजेंटों और बिचौलियों से सतर्क रहने तथा किसी को भी पैसे नहीं देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित नहीं कर सकता। अभ्यर्थियों को दस्तावेजों में किसी भी प्रकार की हेरफेर से बचने की हिदायत देते हुए उन्होंने कहा कि एक से अधिक आधार पहचान पत्रों का इस्तेमाल करने अथवा शैक्षिक प्रमाणपत्रों में जन्मतिथि बदलने जैसी धोखाधड़ी सामने आने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

