उत्तराखण्डदेशनवीनतम

गुजरात में भीषण हादसा, उत्तराखंड के एक परिवार के 7 लोगों की मौत; सेना के जवान, पत्नी और मासूम बच्ची भी शामिल

ख़बर शेयर करें -

भुज-खावड़ा हाईवे पर ट्रेलर और कार की भिड़ंत में उजड़ा परिवार, मृतकों में तीन मासूम बच्चे शामिल

गुजरात के कच्छ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र से जुड़े एक परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में भारतीय सेना की गढ़वाल रेजिमेंट में तैनात जवान सौरभ सिंह नेगी, उनकी पत्नी और तीन महीने की मासूम बेटी समेत तीन बच्चे शामिल हैं। हादसे की खबर से उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई है।

Ad

जानकारी के मुताबिक, हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे भुज-खावड़ा हाईवे पर वेकारिया रण के पास हुआ। परिवार कच्छ के रण क्षेत्र में घूमने के बाद कार से भुज लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गई। हादसे में कार सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30), तीन महीने की बेटी शिविका, राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता, रिंकी गोसाईं (30) और चार वर्षीय वामिका के रूप में हुई है। सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र से ताल्लुक रखते थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवार से जुड़े बताए जा रहे हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही कच्छ के पुलिस अधीक्षक विकास सुंडा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन कार में सवार किसी भी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका। क्षतिग्रस्त वाहन से शवों को बाहर निकालने में बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना की जानकारी मिलने पर सेना के जवान भी अस्पताल पहुंचे।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। एक ही परिवार के सात लोगों की इस दर्दनाक मौत ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है। सेना के जवान, उनकी पत्नी, मासूम बच्चियों समेत सात लोगों की असमय मौत से उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Ad