गनर हटाए जाने पर विधायक हरीश धामी के आरोपों के बीच पिथौरागढ़ पुलिस ने दी सफाई
13 साल से तैनात कांस्टेबल दीप बिष्ट पर सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही का आरोप, जांच व कार्रवाई की तैयारी
पिथौरागढ़। धारचूला विधायक हरीश धामी का गनर बदले जाने को लेकर उठे विवाद के बीच पिथौरागढ़ पुलिस ने सफाई दी है। पुलिस का कहना है कि विधायक की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से गनर में बदलाव किया गया है। अप्रैल 2013 से विधायक की सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल दीप बिष्ट को हटाकर दूसरे कांस्टेबल की तैनाती की गई है। वहीं, संबंधित कांस्टेबल के खिलाफ सुरक्षा दायित्वों में लापरवाही और अन्य शिकायतों को लेकर जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एसपी पिथौरागढ़ के मुताबिक, कांस्टेबल दीप बिष्ट करीब 13 वर्षों से विधायक हरीश धामी के गनर के रूप में तैनात थे। हाल ही में जौलजीबी मेले के दौरान उत्पन्न परिस्थितियों में गनर का विधायक के साथ मौजूद न होना तथा पिथौरागढ़, बरम समेत अन्य स्थानों पर सुरक्षा ड्यूटी के दौरान साथ नहीं रहने और निर्धारित सुरक्षा दायित्वों के पालन में लापरवाही की जांच में पुष्टि हुई है। पुलिस के अनुसार, विधायक की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गनर में बदलाव किया गया है। संबंधित कांस्टेबल के खिलाफ प्राप्त अन्य शिकायतों की भी जांच की जा रही है और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

गनर बदले जाने के मामले में विधायक हरीश धामी ने राज्यपाल से शिकायत की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सरकार द्वारा गनर बदलकर उन पर निगरानी रखने का प्रयास किया जा रहा है। विधायक ने अपने पत्र में मुख्यमंत्री पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस की सफाई के बाद यह मामला राजनीतिक और प्रशासनिक चर्चाओं में है।

