क्राइमनवीनतमबागेश्वर

बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर की लूटपाट, सोने के गहने और नकदी लेकर फरार हुए बदमाश

ख़बर शेयर करें -

भेंटा गांव में 72 वर्षीय महिला के हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंसा, वारदात के खुलासे में जुटी पुलिस की कई टीमें

बागेश्वर। जनपद के कांडा क्षेत्र के भेंटा गांव में अकेली रहने वाली 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूटपाट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दो अज्ञात बदमाशों ने महिला को झांसे में लेकर घर के भीतर बंधक बनाया और सोने के आभूषण तथा नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए कई टीमें गठित की हैं।

Ad

जानकारी के मुताबिक, तारा देवी शनिवार शाम रोज की तरह गाय का दूध निकालकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति किसी बहाने से उन्हें घर के भीतर ले गए। घर में पहुंचते ही आरोपियों ने महिला के हाथ-पैर बांध दिए और आवाज बाहर न पहुंचे, इसके लिए उनके मुंह पर कपड़ा बांध दिया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की गई। इसके बाद बदमाशों ने महिला के गले में बंधी बॉक्स की चाबी काटकर घर में रखा सामान वाला बॉक्स खोल लिया और उसमें रखे गहने व नकदी लेकर फरार हो गए।

वारदात का पता शनिवार रात करीब आठ बजे चला, जब आसपास के लोगों को घर से कुछ आवाजें सुनाई दीं। इसके बाद पूरन राम, हरीश राम और सोहन राम मौके पर पहुंचे। घर के भीतर तारा देवी को बंधा देखकर ग्रामीणों ने उनके हाथ-पैर खोले और मदद की। महिला ने होश संभालने के बाद पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने परिजनों, ग्राम प्रधान और ग्राम प्रहरी को सूचना दी। महिला ने रुद्रपुर में नौकरी कर रहे अपने छोटे बेटे नीरज जोशी को भी फोन पर वारदात की जानकारी दी। ग्राम प्रहरी बसंत बल्लभ जोशी ने खातीगांव चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम देर रात करीब 12 बजे गांव पहुंची।

सीओ कपकोट राजेश साह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आरोपियों के हाथ करीब एक तोले का मंगलसूत्र, कान के टॉप्स और लगभग 20 हजार रुपये नकद लगने की जानकारी मिली है। जबकि पीड़ित परिवार की ओर से शुरुआत में करीब सवा दो तोला सोने के गहने और 25 से 30 हजार रुपये नकदी लूटे जाने की बात बताई गई है। लूटे गए सामान की वास्तविक मात्रा और कीमत जांच के बाद स्पष्ट होगी। मारपीट के दौरान तारा देवी के होंठ पर सूजन आई है। पुलिस उनका मेडिकल परीक्षण करा रही है।

पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों ने चेहरे ढके हुए थे। प्रारंभिक पड़ताल में आरोपियों को घर की स्थिति और महिला के गहने रखने की जगह की जानकारी होने की आशंका सामने आई है। पुलिस परिचित व्यक्ति की भूमिका समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। सीओ राजेश साह ने बताया कि गांव की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए बाहरी लोगों की संलिप्तता की आशंका फिलहाल कम मानी जा रही है, हालांकि सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

मामले के खुलासे के लिए थानाध्यक्ष और झिरौली समेत पुलिस की तीन से चार टीमें लगाई गई हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान कुछ अहम सुराग भी मिले हैं।

Ad