कच्छ हादसे में उत्तराखंड के 3 सैनिक परिवार उजड़े, 3 मासूम समेत 7 की मौत
खावड़ा-भुज हाईवे पर ट्रेलर से टकराई कार; मृतकों में सेना के तीन जवानों के परिजन, पीएम ने 2 लाख रुपये सहायता की घोषणा की
देहरादून/कोटद्वार। गुजरात के कच्छ जिले में खावड़ा-भुज हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में उत्तराखंड के कोटद्वार क्षेत्र से जुड़े तीन सैनिक परिवारों के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। हादसे में एक जवान, उनकी पत्नी और तीन महीने की मासूम बेटी भी काल के ग्रास बन गए। घटना से उत्तराखंड में शोक की लहर है।

हादसा 21 नवंबर की रात करीब 10 बजे खावड़ा-भुज हाईवे पर हुआ। जानकारी के मुताबिक, कोटद्वार क्षेत्र से जुड़े तीन सैनिक परिवार दिवाली की छुट्टियों में गुजरात के कच्छ घूमने पहुंचे थे। शनिवार को कच्छ के रण क्षेत्र से घूमकर परिवार कार से भुज लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई।

मृतकों का संबंध गुजरात के भुज में तैनात द्वितीय बटालियन गढ़वाल राइफल्स के जवानों और उनके परिवारों से बताया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भुज के जीके जनरल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर सेना के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोटद्वार कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी के अनुसार, मृतक और उनके परिजन पौड़ी गढ़वाल जनपद के कोटद्वार क्षेत्र से संबंधित बताए गए हैं। सभी का संबंध भुज में तैनात गढ़वाल राइफल्स के जवानों एवं उनके परिवारों से है।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नायक सौरभ सिंह नेगी (32), उनकी पत्नी सविता नेगी (31) और तीन महीने की बेटी शिविका नेगी के रूप में हुई है। तीनों ध्रुव विहार, कोटद्वार के मूल निवासी बताए गए हैं।
इसके अलावा नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गुसाईं (32) और चार वर्षीय बेटी वामिका गुसाईं, निवासी मोटाढाक, कोटद्वार तथा नायक राजेश सिंह रावत (34) और उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता, निवासी सिंबलचोड़, कोटद्वार की भी हादसे में मौत हुई है।
प्रधानमंत्री ने सहायता की घोषणा की
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि गुजरात के कच्छ में हुई हृदयविदारक दुर्घटना में लोगों के असमय निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संतप्त परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। एक ही क्षेत्र से जुड़े तीन सैनिक परिवारों के सात सदस्यों की इस दर्दनाक हादसे में मौत ने पूरे उत्तराखंड को स्तब्ध कर दिया है। तीन मासूम बच्चों सहित सात लोगों की असमय मौत से कोटद्वार क्षेत्र में शोक का माहौल है।

