लोहाघाट बाजार को जाम से राहत दिलाने की तैयारी, 9.99 करोड़ की मल्टीलेवल पार्किंग मंजूर
सड़क किनारे वाहनों का दबाव घटेगा, बाजार में पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को मिलेगी राहत
लोहाघाट/चम्पावत। लोहाघाट के पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड में मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड में मल्टीलेवल पार्किंग एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए करीब 9.99 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सीएनडीएस को सौंपी गई है।
यह परियोजना ‘आदर्श चम्पावत’ की परिकल्पना के तहत लोहाघाट में पार्किंग और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मल्टीलेवल पार्किंग बनने से टैक्सी स्टैंड और बाजार क्षेत्र में वाहनों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा करने की सुविधा उपलब्ध होगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पूर्व में लोहाघाट के पार्किंग स्थलों और टैक्सी स्टैंड का निरीक्षण कर वाहनों के संचालन एवं पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए थे। प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग से सड़क किनारे खड़े वाहनों का दबाव कम होने और यातायात सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी। पार्किंग सुविधा विकसित होने से बाजार आने वाले लोगों को वाहन खड़ा करने में सहूलियत होगी, वहीं पैदल यात्रियों को भी आवाजाही के लिए अधिक जगह मिल सकेगी। परियोजना से स्थानीय निवासियों, व्यापारियों, टैक्सी संचालकों और पंचेश्वर मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

