उत्तराखंड : अमरनाथ ड्यूटी से लौट रहे ITBP जवान की ट्रेन हादसे में मौत, दौड़ी शोक की लहर
चमोली। अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे उत्तराखंड में डुंग्री (नारायणबगड़) गांव के जांबाज आईटीबीपी जवान की पठानकोट में हुए दर्दनाक ट्रेन हादसे में मौत हो गई। आज जवान का अंतिम संस्कार नारायणबगड़ स्थित पैतृक घाट पर किया गया।
जानकारी के अनुसार, बीती शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे हुए इस हादसे में प्रदीप कुमार(35) पुत्र पातीराम की जान चली गई। प्रदीप कुमार भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 23वीं बटालियन, सीमा द्वार देहरादून में तैनात थे। बताया गया कि प्रदीप कुमार अमरनाथ यात्रा ड्यूटी पूरी करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पठानकोट रेलवे स्टेशन के पास हुए ट्रेन हादसे में उनकी मौत हो गई। जवान की मौत की खबर जैसे ही परिजनों और ग्रामीणों को मिली, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

रविवार को जवान का पार्थिव शरीर नारायणबगड़ स्थित पैतृक घाट पर लाया गया। तिरंगे में लिपटे अपने लाल को अंतिम दर्शन के लिए सामने देख परिजन भावुक हो उठे। मां-पिता और परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी भी जवान को अंतिम विदाई देने के लिए उमड़ पड़े।
23वीं बटालियन आईटीबीपी के कमांडेंट रिंकू सिंह के नेतृत्व में आईटीबीपी जवानों ने प्रदीप कुमार को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी। पुलिस और प्रशासन की ओर से भी जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद सैन्य सम्मान के बीच जवान को अंतिम विदाई दी गई।इस मौके पर स्थानीय प्रशासन की ओर से तहसीलदार राजेंद्र सिंह बिष्ट मौजूद थे। प्रदीप कुमार के असमय निधन से डुंग्री गांव ही नहीं, बल्कि पूरे नारायणबगड़ क्षेत्र में शोक व्याप्त है। विधायक भूपाल राम टम्टा, ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला, यशपाल सिंह नेगी,, नरेन्द्र रावत,वीर भरत सिंह, जय नंद सती,दलीप नेगी ने कहा कि देश की सेवा में समर्पित जवान का इस तरह असमय चले जाना परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

