चम्पावत : पटवारी चौकी का वीडियो वायरल मामले में पटवारी संघ ने दर्ज कराई आपत्ति, कार्रवाई की मांग
चम्पावत। बिरगुल पटवारी चौकी की बदहाल स्थिति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पर्वतीय राजस्व निरीक्षक, राजस्व उप निरीक्षक एवं राजस्व सेवक संघ की चम्पावत इकाई ने वीडियो बनाने वाले व्यक्ति पर चौकी का ताला तोड़ने और सरकारी अभिलेखों से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
संघ के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार विश्वकर्मा के नेतृत्व में मंगलवार को संगठन के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कोतवाल को ज्ञापन सौंपा। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि संबंधित व्यक्ति ने पटवारी चौकी का ताला तोड़कर सरकारी अभिलेखों के साथ छेड़छाड़ की और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया।

संघ का यह भी आरोप है कि संबंधित व्यक्ति लंबे समय से क्षेत्र के पटवारी पर अपात्र व्यक्तियों को लाभ पहुंचाने के लिए दबाव बना रहा था तथा मना करने पर अभद्र व्यवहार और उत्पीड़न कर रहा था। संगठन का कहना है कि इसी के चलते उसने चौकी में घुसकर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। गौरतलब है कि बिरगुल पटवारी चौकी की बदहाल स्थिति का एक वीडियो 2 अगस्त को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद 4 अगस्त को प्रिंट मीडिया में भी इस संबंध में समाचार प्रकाशित हुआ। अब इस पूरे मामले में पटवारी संघ ने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पटवारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आगे की रणनीति तय करेगा।

प्रभारी कोतवाल लक्ष्मण सिंह जगवाण ने बताया है कि पटवारी संघ की ओर से प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ज्ञापन देने वालों में क्षेत्रीय पटवारी हीना, पवन जुकरिया, विनोद देव, शुभम पुजारी, साहिबा खातून, कमल किशोर, सुरेश भट्ट, गोविंद बल्लभ, राजस्व निरीक्षक पुष्कर नाथ गोस्वामी, छत्र सिंह बोहरा, पुष्कर चंद, नवल किशोर सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

