बनबसा : देवीपुरा में सड़क सुधरी तो आसान हुई आवाजाही, डीएम ने ग्रामीणों से लिया फीडबैक
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से संवाद कर जाना सड़क सुधारीकरण का लाभ, आवाजाही पहले से हुई आसान
बनबसा/चम्पावत। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधा बेहतर बनाने के प्रयासों के तहत जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विकासखंड चम्पावत के देवीपुरा में लोक निर्माण विभाग एवं विकासखंड की ओर से कराए गए इंटरलॉकिंग कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों का जायजा लेने के साथ ग्रामीणों से संवाद कर सड़क सुधारीकरण से मिल रही सुविधाओं का फीडबैक भी लिया।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इंटरलॉकिंग बिछाए गए मार्ग का अवलोकन किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों से कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से पूछा कि मार्ग सुधरने के बाद दैनिक आवाजाही में किस तरह की सुविधा मिली है। ग्रामीणों ने इंटरलॉकिंग कार्य पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि मार्ग सुधरने से अब आवागमन पहले की अपेक्षा आसान हो गया है। उन्होंने गांव में सड़क सुविधा बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय मार्गों के सुधारीकरण से लोगों को रोजमर्रा के कार्यों, आवाजाही और अन्य जरूरतों के लिए बेहतर सुविधा मिलती है। देवीपुरा में कराया गया इंटरलॉकिंग कार्य भी इसी दिशा में एक पहल है। ग्रामीणों से सीधे संवाद के माध्यम से अधिकारियों ने सड़क सुधार का स्थानीय स्तर पर मिल रहे लाभ को जाना। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, तहसीलदार पिंकी आर्या, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

