उत्तराखण्डटिहरीनवीनतम

पहाड़ में घर की रसोई में घुसा गुलदार, भीम सिंह ने बाहर से बंद किया दरवाजा

ख़बर शेयर करें -

वन विभाग की टीम ने पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ा, पशु चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण

टिहरी के सौंदकोटी गांव में देर रात की घटना, घर में 85 वर्षीय मां के साथ मौजूद थे भीम सिंह

Ad

टिहरी। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में गुलदार की बढ़ती धमक के बीच टिहरी जिले के चंबा ब्लॉक के सौंदकोटी गांव में एक खौफनाक घटना सामने आई है। शुक्रवार देर रात कुत्ते का पीछा करते हुए एक गुलदार घर की रसोई में घुस गया। घर में मौजूद भीम सिंह ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए रसोई का दरवाजा बाहर से बंद कर गुलदार को अंदर कैद कर दिया। बाद में वन विभाग की टीम ने गुलदार को पिंजरे में पकड़ लिया। घटना के दौरान घर में भीम सिंह के साथ उनकी 85 वर्षीय मां भी मौजूद थीं।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात भीम सिंह के परिवार के अन्य सदस्य गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर में भीम सिंह और उनकी बुजुर्ग मां मौजूद थे। इसी दौरान भीम सिंह को अपने कुत्ते की जोर-जोर से भौंकने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वह बाहर आए तो उनकी नजर रसोई की ओर गई, जहां गुलदार दिखाई दिया। गुलदार को देखकर वह कुछ देर घबरा गए, लेकिन उन्होंने हिम्मत और समझदारी से काम लिया।

गुलदार को भगाने या उसके करीब जाने की कोशिश करने के बजाय भीम सिंह ने मौका देखकर रसोई का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इससे गुलदार रसोई के भीतर ही कैद हो गया। बताया जा रहा है कि गुलदार कुत्ते का पीछा करते हुए घर की रसोई में घुसा था। घटना के बाद भीम सिंह ने परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों को फोन कर जानकारी दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने रसोई के बाहर पिंजरा लगाया और काफी मशक्कत के बाद गुलदार को सुरक्षित पकड़ लिया। वन विभाग के दरोगा अजय पाल सिंह के अनुसार, गुलदार को पकड़ने के बाद उसके स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पशु चिकित्सकों को दिखाया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

Ad