लोहाघाट : कांग्रेस की रैली में हंगामा, धक्का मुक्की की आई नौबत!, मुन्ना ढेक बोले- टिकट नहीं बदला तो निर्दलीय लड़ूंगा चुनाव
मंच पर बोलने का मौका नहीं मिलने से समर्थकों में नाराजगी, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के सामने हुई नारेबाजी और धक्का-मुक्की की नौबत
लोहाघाट/चम्पावत। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के दौरे के दौरान लोहाघाट में आयोजित जनसभा में भारी भीड़ उमड़ी, लेकिन इस भीड़ के बीच पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी भी खुलकर सामने आ गई। मंच पर मनोहर सिंह ढेक उर्फ मुन्ना को बोलने का मौका नहीं दिए जाने से उनके समर्थक नाराज हो गए और उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। विरोध के दौरान धक्का-मुक्की की नौबत तक आ गई। मंच पर हुए हंगामे से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कांग्रेस की इस रैली में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, खटीमा विधायक भुवन कापड़ी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। जनसभा में वक्ताओं ने भाजपा सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरते हुए निशाना साधा। हालांकि, पार्टी की अंदरूनी खींचतान ने जनसभा के राजनीतिक संदेश के बीच अलग ही चर्चा छेड़ दी।


बोलने का मौका नहीं मिला तो समर्थकों ने शुरू की नारेबाजी
बताया जा रहा है कि लोहाघाट विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी कर रहे मनोहर सिंह ढेक उर्फ मुन्ना को मंच से संबोधन का अवसर नहीं दिया गया। इससे नाराज उनके समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया और नारेबाजी करने लगे। इस दौरान प्रदेश प्रभारी के सामने नाराजगी जताते हुए धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन गई। मंच पर हुए इस घटनाक्रम ने कांग्रेस की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए।
इस मामले पर मनोहर सिंह ढेक ने कहा कि वह भी लोहाघाट विधानसभा से कांग्रेस के टिकट के दावेदार हैं, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने तक का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने खुद को कांग्रेस का सच्चा सिपाही बताते हुए कहा कि पार्टी के लिए उन्होंने लगातार काम किया है।

टिकट नहीं बदला तो निर्दलीय लड़ूंगा चुनाव: मुन्ना ढेक
मनोहर सिंह ढेक ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि लोहाघाट विधानसभा सीट पर प्रत्याशी नहीं बदला गया तो वह निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरेंगे। उनके इस बयान के बाद कांग्रेस के भीतर टिकट को लेकर चल रही खींचतान और तेज हो गई है। जनसभा में मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच भी इस बयान को लेकर चर्चाएं होती रहीं।
गौरतलब है कि लोहाघाट विधानसभा सीट पर मौजूदा विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के अलावा जिला कांग्रेस अध्यक्ष चिराग फर्त्याल और मनोहर सिंह ढेक सहित अन्य नेताओं की दावेदारी की चर्चा है। इससे पहले भी चिराग फर्त्याल समर्थकों ने शक्ति प्रदर्शन कर टिकट की दावेदारी के संकेत दिए थे।
फिलहाल कुमारी शैलजा की जनसभा तो संपन्न हो गई, लेकिन मंच पर हुई नारेबाजी, विरोध और निर्दलीय चुनाव लड़ने की चेतावनी ने लोहाघाट कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। अब देखना होगा कि प्रदेश नेतृत्व इस नाराजगी को किस तरह संभालता है।

