सड़क हादसा: 16 फीट गहरी खाई में गिरी शिक्षकों की कार, पांच घायल
अल्मोड़ा। जिले में गुरुवार को एक सड़क हादसे में पांच शिक्षक घायल हो गए। चौखुटिया ब्लॉक के हाट धामदेवल से लौट रही शिक्षकों की कार उडलीखान के पास अनियंत्रित होकर करीब 16 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जबकि चार अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

जानकारी के अनुसार राजकीय इंटर कॉलेज धामदेवल के शिक्षक नवल किशोर देवली, मोनिका आर्य, हेमलता नेगी, दीपचंद जोशी और बृजेश चंद्र सिंह विद्यालय की छुट्टी के बाद निजी कार से चौखुटिया लौट रहे थे। इसी दौरान उडलीखान गांव के समीप एक मोड़ पर वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार दो बार पलटने के बाद खाई में जाकर रुकी।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला उप चिकित्सालय पहुंचाया गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। डॉक्टरों ने चार शिक्षकों का उपचार करने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी। वहीं हेमलता नेगी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। प्रारंभिक जांच में लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर फिसलन और कम दृश्यता को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। राहत की बात यह रही कि भीषण हादसे के बावजूद सभी शिक्षकों की जान बच गई।

