अल्मोड़ाक्राइमनवीनतम

अल्मोड़ा: सहकारी बैंक में ₹7 करोड़ के ऋण घोटाले का मामला, तत्कालीन एमडी समेत 6 के खिलाफ FIR

ख़बर शेयर करें -

अल्मोड़ा। उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड की अल्मोड़ा शाखा में करोड़ों रुपये के ऋण वितरण में कथित अनियमितताओं का मामला सामने आया है। बैंक प्रबंधन की शिकायत पर तत्कालीन प्रबंध निदेशक (एमडी), महाप्रबंधक (जीएम), सहायक महाप्रबंधक (एजीएम), शाखा प्रबंधक और ऋण लेने वाली फर्म के दो निदेशकों सहित छह लोगों के खिलाफ कोतवाली अल्मोड़ा में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2017 में बैंक प्रबंधन समिति ने एक फर्म को दो करोड़ रुपये की कैश क्रेडिट ऋण सीमा के नवीनीकरण की मंजूरी दी थी। आरोप है कि तत्कालीन अधिकारियों ने समिति के निर्णय के विपरीत ऋण सीमा बढ़ाकर सात करोड़ रुपये कर दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि ऋण स्वीकृति के दौरान बैंक के निर्धारित नियमों की अनदेखी की गई। आरोप है कि कम मूल्य की संपत्ति को गिरवी रखकर ऋण स्वीकृत किया गया तथा दस्तावेजों में भी अनियमितताएं बरती गईं।

Ad Ad

इस मामले में तत्कालीन एमडी दीपक कुमार, जीएम धर्मवीर सिंह, एजीएम कर्ण सिंह बिष्ट, तत्कालीन शाखा प्रबंधक मनोज राणा तथा संबंधित फर्म के निदेशक आनंद सिंह चौहान और सुनीता चौहान को नामजद किया गया है। पुलिस ने बैंक प्रबंधन की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।