सोशल मीडिया पर महिलाओं और विधायक के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो डालने वाला आरोपी गिरफ्तार
आरोपी ने एक विधायक को बदनाम करने और उनकी छवि धूमिल करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर गाली-गलौज करते हुए भ्रामक वीडियो प्रसारित किए
बागेश्वर। सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर महिलाओं के प्रति अमर्यादित टिप्पणियां करने और भ्रामक वीडियो प्रसारित करने वाले मुख्य आरोपी को बागेश्वर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को एसओजी की संयुक्त टीम के साथ मंगलवार शाम थाना बैजनाथ क्षेत्र से दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, कपकोट में दर्ज एक मामले में आरोपी जगदीश गोस्वामी पर आरोप है कि उसने एक महिला को बदनाम करने की नीयत से उसके चरित्र पर लांछन लगाते हुए सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो अपलोड किए थे।
वहीं, दूसरे मामले में धर्मेंद्र सिंह दानू की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि आरोपी ने एक विधायक को बदनाम करने और उनकी छवि धूमिल करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर गाली-गलौज करते हुए भ्रामक वीडियो प्रसारित किए।

पुलिस के मुताबिक आरोपी 30 जुलाई से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से गैर-जमानती वारंट प्राप्त करने के साथ ही नियमानुसार उसके निवास स्थान पर मुनादी भी कराई गई थी। आरोपी की तलाश में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुखबिर तंत्र और मोबाइल लोकेशन के आधार पर रानीखेत, रामनगर, बिजनौर, हरिद्वार, सहारनपुर और देहरादून समेत विभिन्न क्षेत्रों में लगातार दबिश दी। आखिरकार 4 अगस्त की शाम थाना बैजनाथ क्षेत्र के पिंगलों बैंड, कंधार तिराहा स्थित यात्री विश्राम गृह के सामने से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि सोशल मीडिया के माध्यम से किसी की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने, महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने या भ्रामक प्रचार करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

