रुद्रपुर में आधी रात SSP का औचक निरीक्षण, ड्यूटी से गायब मिले 9 पुलिसकर्मी निलंबित
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में मंगलवार देर रात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के औचक निरीक्षण के दौरान पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसएसपी ने निजी वाहन से रुद्रपुर से जसपुर तक हाईवे पर बनाए गए विभिन्न चेकिंग प्वाइंटों का निरीक्षण किया, जहां कई पुलिसकर्मी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले और कुछ ने कंट्रोल रूम को अपनी गलत लोकेशन बताई। मामले को गंभीर मानते हुए एसएसपी ने 9 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया, जबकि 4 अन्य से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
जानकारी के अनुसार 4 और 5 अगस्त 2026 की रात पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि पंतनगर क्षेत्र में सफेद स्कॉर्पियो में सवार कुछ युवकों ने एक व्यक्ति पर फायरिंग की है और इसके बाद काशीपुर की ओर फरार हो गए। सूचना मिलते ही सभी संबंधित थाना प्रभारियों को हाईवे पर तत्काल नाकाबंदी और सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए।
इसी सूचना के बाद एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस की सतर्कता और रिस्पांस का स्वयं परीक्षण करने का निर्णय लिया। उन्होंने रात करीब 12 बजे से सुबह 3 बजे तक निजी वाहन से रुद्रपुर से कोतवाली जसपुर तक विभिन्न चेकिंग प्वाइंटों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महतोष, सरकड़ी तिराहा, दोराहा और परमानन्दपुर हाईवे पर स्थापित चेकिंग प्वाइंटों पर तैनात रात्रि अधिकारी, चीता मोबाइल और गश्त दल के कई पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर मौजूद नहीं मिले। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ पुलिसकर्मियों ने वायरलेस और कंट्रोल रूम को अपनी गलत लोकेशन की सूचना दी थी।
एसएसपी ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता, ड्यूटी के प्रति लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना मानते हुए कैलाखेड़ा, बाजपुर और आईटीआई कोतवाली में तैनात कुल 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। निलंबित कर्मियों में तीन उपनिरीक्षक, एक मुख्य आरक्षी और पांच आरक्षी शामिल हैं। इसके अलावा चार अन्य पुलिसकर्मियों से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट कहा कि जनपद में ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि आमजन की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

