देहरादूननवीनतम

14 लाख की लूट में बजरंग दल नेता की गिरफ्तारी पर बवाल, SSP कार्यालय पहुंचे कार्यकर्ता

ख़बर शेयर करें -

देहरादून में हनुमान चालीसा का पाठ कर जताया विरोध, निष्पक्ष जांच और पटेलनगर थाना प्रभारी को बर्खास्त करने की मांग; SSP ने SP ग्रामीण को सौंपी जांच

देहरादून। राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े हुई 14 लाख रुपये की लूट के मामले में बजरंग दल नेता सिद्धांत बडोनी की गिरफ्तारी को लेकर विवाद गहरा गया है। गिरफ्तारी के विरोध में 14 नवंबर को बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने देहरादून एसएसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की।

Ad

एसएसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शनकारियों ने हनुमान चालीसा का पाठ कर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी थी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। शुरुआत में एसपी सिटी शेखर सुयाल प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लेने पहुंचे, लेकिन कार्यकर्ता एसएसपी से मुलाकात की मांग पर अड़े रहे। बाद में एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उन्हें ज्ञापन सौंपा।

संगठन को बदनाम करने की साजिश का आरोप

बजरंग दल के अध्यक्ष विकास वर्मा ने कहा कि संगठन पुलिस जांच के खिलाफ नहीं है, लेकिन सिद्धांत बडोनी की गिरफ्तारी को लेकर कई सवाल हैं। मामले के सभी पहलुओं की जांच किए बिना कार्रवाई की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने तथा किसी के साथ अन्याय नहीं होने देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर सिद्धांत बडोनी के साथ बर्बरता करने का आरोप लगाते हुए पटेलनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर को बर्खास्त करने की मांग भी उठाई।

एसपी ग्रामीण को सौंपी गई जांच

विवाद बढ़ने के बाद एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने लूट प्रकरण की जांच एसपी सिटी सर्किल से हटाकर एसपी ग्रामीण जया बलूनी को सौंप दी है। एसएसपी ने कहा कि लूट की घटना के साथ ही पुलिस पर लगाए गए आरोपों की भी निष्पक्षता से जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

क्या है 14 लाख की लूट का मामला?

दरअसल, बीती 7 नवंबर को देहरादून के पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल के पास बाइक सवार बदमाशों ने राजेश कुमार सोनी से 14 लाख रुपये लूट लिए थे। बताया गया कि राजेश कुमार सोनी ने जमीन का सौदा किया था और उसी से मिली रकम लेकर अपने साथियों के साथ कार से जा रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने रास्ते में उन्हें निशाना बनाकर नकदी लूट ली।

इस मामले में पुलिस अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में बजरंग दल नेता सिद्धांत बडोनी भी शामिल है। उसकी गिरफ्तारी को लेकर ही संगठन ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोला है। अब मामले की जांच एसपी ग्रामीण जया बलूनी को सौंपे जाने के बाद पुलिस जांच के निष्कर्षों पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Ad