उधमसिंह नगरक्राइमनवीनतम

जिला अस्पताल हत्याकांड: 12 घंटे में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में दबोचा

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर में युवक की हत्या के मामले में अब तक तीन गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में जिला अस्पताल परिसर में हुई युवक की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना पुलभट्टा क्षेत्र में पुलिस और आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ के बाद मुख्य अभियुक्त विकास कुमार को दबोच लिया गया। पुलिस अब तक इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर हुई त्वरित कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Ad

मालूम हो कि 13 नवंबर की सुबह जगतपुरा स्थित प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जिला अस्पताल परिसर में दोबारा भिड़ंत हो गई। इसी दौरान नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर किसी नुकीली वस्तु से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल नितेश ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना के बाद मृतक के परिजनों की तहरीर पर कोतवाली पंतनगर में तीनों आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल पुलिस टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्याकांड के खुलासे के निर्देश दिए।

पुलिस ने घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण कराने के लिए आरएफएसएल और फील्ड यूनिट की मदद ली। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं, मुख्य आरोपी विकास कुमार को थाना पुलभट्टा क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

अब तक गिरफ्तार आरोपी

  1. विकास कुमार पुत्र विनोद कुमार।
  2. आकाश कुमार पुत्र विनोद कुमार।
  3. विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय रामावतार।

तीनों आरोपी जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर के निवासी हैं।

पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना पुलभट्टा, दिनेशपुर और एसओजी रुद्रपुर की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Ad