चंपावतटनकपुरनवीनतम

उचौलीगोठ में 28 एकड़ राजस्व भूमि की नीलामी का विरोध, ग्रामीणों ने सीएम कैंप कार्यालय में सौंपा ज्ञापन

ख़बर शेयर करें -

शारदा नदी से भू-कटाव, बाढ़ और खेती की जमीन को नुकसान का हवाला; खनन पर रोक नहीं लगी तो आंदोलन की चेतावनी

टनकपुर/चम्पावत। उचौलीगोठ में शारदा नदी क्षेत्र की 28 एकड़ राजस्व भूमि पर प्रस्तावित नीलामी प्रक्रिया को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया है। ग्रामीणों ने नीलामी प्रक्रिया निरस्त करने और संबंधित क्षेत्र में खनन पर रोक लगाने की मांग उठाई है। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।

Ad

शुक्रवार 13 नवंबर को क्षेत्र के ग्रामीणों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय और तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि शारदा नदी क्षेत्र में खनन गतिविधियों के चलते पहले ही बड़े पैमाने पर भू-कटाव हो चुका है। नदी की बाढ़ और लगातार हो रहे कटाव से किसानों की सैकड़ों बीघा खेती योग्य भूमि नदी में समा चुकी है, जबकि कई स्थानों पर जमीन जलमग्न हो गई है। अब भी भू-कटाव जारी है, जिससे क्षेत्र के आवासीय मकानों और मंदिर पर खतरा मंडरा रहा है।

ग्रामीणों ने ज्ञापन में आशंका जताई है कि यदि प्रस्तावित 28 एकड़ भूमि की नीलामी कर खनन की अनुमति दी गई तो क्षेत्र में बाढ़ और भू-कटाव का खतरा और बढ़ सकता है। उनका कहना है कि खनन गतिविधियों के कारण क्षेत्र में कई बार लड़ाई-झगड़े और अशांति की स्थिति भी पैदा हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक खनन से जुड़े विवादों के चलते 30 से अधिक लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमे भी दर्ज हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जनहित और क्षेत्र की सुरक्षा को देखते हुए नीलामी प्रक्रिया तत्काल निरस्त करने तथा शारदा नदी क्षेत्र में खनन गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

ज्ञापन देने वालों में क्षेत्र पंचायत सदस्य संजय आर्या के अलावा आनंद सिंह महर, सोबन सिंह, रेनू महर, आशा देवी, प्रकाश सिंह, नवीन सिंह, गोपाल सिंह, हरीश सिंह, रमेश सिंह, मुकेश महर, चंचल सिंह, पंकज सिंह महर, सुरेश सिंह महर, पवन भट्ट, सुंदर सिंह, केदार सिंह, भवान सिंह और मनोज सिंह महर सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।

Ad