बनबसा : घर से बिना बताए निकली 74 वर्षीय बुजुर्ग महिला सकुशल बरामद, परिजनों ने जताया आभार
बनबसा/चम्पावत। बनबसा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घर से बिना बताए लापता हुई एक 74 वर्षीय बुजुर्ग महिला को उधमसिंह नगर जिले के दिनेशपुर क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है। महिला की सकुशल घर वापसी पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का दिल से आभार व्यक्त किया है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र निवासी देवराम ने थाना बनबसा में सूचना दी थी कि उनकी 74 वर्षीय माता जी घर से बिना बताए कहीं चली गई हैं। परिजनों की काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कुछ पता नहीं चला, तो इस संबंध में गत 30 मई को बनबसा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। चम्पावत की पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रीमती रेखा यादव के निर्देशन में बनबसा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला की खोजबीन के लिए टीमें गठित कीं और सघन तलाशी अभियान शुरू किया।लगातार की जा रही खोजबीन के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लापता बुजुर्ग महिला को दिनेशपुर क्षेत्र में देखा गया है। इस अहम सुराग पर कार्रवाई करते हुए बनबसा पुलिस टीम परिजनों को साथ लेकर तुरंत दिनेशपुर पहुंची। वहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से विभिन्न मंदिरों, आश्रमों और धर्मशालाओं में महिला की तलाश की गई। कड़े प्रयासों के बाद आखिरकार महिला को दिनेशपुर स्थित ‘हरिचांद गुरुचांद धर्म मंदिर’ से सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में बुजुर्ग महिला ने बताया कि उनकी पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यों में अत्यधिक रुचि है, जिसके चलते वह घर पर किसी बात से नाराज होकर धार्मिक स्थल पर चली आई थीं। बरामदगी की कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने वृद्ध महिला को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक भावना गहतोड़ी और कांस्टेबल उमेश प्रसाद शामिल रहे, जिनकी सजगता की क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है।

