नैनीताल में दीवार से टकराकर गहरी खाई में गिरी पर्यटकों से भरी गाड़ी, मच गई चीख-पुकार
नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल में शनिवार को एक पर्यटक वाहन के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर जाने से पांच लोग घायल हो गए। इनमें से दो गंभीर घायलों को हल्द्वानी रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोरखपुर निवासी शिवेंद्र श्रीवास्तव (25) अपने एक्सयूवी वाहन से नैनीताल घूमने आ रहे थे। वाहन में उनकी बहन निधि श्रीवास्तव (22), राजस्थान निवासी लिवांशु (20), जयपुर निवासी ऐश्वर्या (21) और कानपुर निवासी पिंकी गुप्ता (21) भी सवार थे। कालाढूंगी-नैनीताल के बीच खुर्पाताल के पास उनका वाहन अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। बताया जा रहा है कि वाहन पहले बाईं ओर दीवार से टकराया और इसके बाद दूसरी ओर खाई में जा गिरा। मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही मल्लीताल पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी को उपचार के लिए नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल शिवेंद्र और पिंकी को हल्द्वानी हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

