चम्पावत शहर को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बड़ी सौगात, छतार में बनेगा भव्य चार मंजिला घंटाघर
चम्पावत। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर चम्पावत शहर को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र चम्पावत के छतार वार्ड में छतार पुल के समीप भव्य घंटाघर (क्लॉक टावर) के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। चार मंजिला यह घंटाघर पहाड़ी वास्तुशैली में तैयार किया जाएगा और भविष्य में चम्पावत शहर के प्रमुख लैंडमार्क के रूप में पहचान बनाएगा।
घंटाघर में आर्ट गैलरी के साथ ही विभिन्न जनोपयोगी एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। रात्रि के समय आकर्षक डिजाइनर लाइटों से जगमगाने वाला यह घंटाघर शहर की खूबसूरती में चार चांद लगाएगा और पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह परियोजना चम्पावत की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला और आधुनिक विकास के समन्वय का प्रतीक साबित होगी। घंटाघर के निर्माण से छतार क्षेत्र के साथ-साथ पूरे चम्पावत शहर को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

घंटाघर निर्माण की स्वीकृति मिलने पर पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय, छतार वार्ड की सभासद प्रेमा चिलकोटी, समाजसेवी जर्नांदन चिल्कोटी एवं छतार विकास समिति ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने जिलाधिकारी चम्पावत, जिला विकास प्राधिकरण एवं ग्रामीण निर्माण विभाग के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए भी धन्यवाद दिया। सभासद प्रेमा चिलकोटी ने परियोजना को आगे बढ़ाने में सहयोग करने वाले जिले के बुद्धिजीवियों और क्षेत्रवासियों के प्रति भी आभार व्यक्त किया है।

