चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

अतिवृष्टि से फसल क्षति पर प्रशासन सक्रिय, लधियाघाटी में खेतों तक पहुंची संयुक्त टीम

ख़बर शेयर करें -

प्रभावित किसानों की फसल क्षति का शीघ्र होगा आकलन, पात्र किसानों को नियमानुसार मिलेगी सहायता

पाटी/चम्पावत। लगातार हुई बारिश और अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए प्रशासन ने स्थलीय सर्वे शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर सोमवार को उप जिलाधिकारी नीतू डागर के नेतृत्व में राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने लधियाघाटी और रीठा साहिब क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।

Ad Ad

संयुक्त टीम ने प्रभावित गांवों में पहुंचकर खेतों का जायजा लिया और किसानों से फसल क्षति के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण में सामने आया कि 25 से 27 सितंबर 2026 तक लगातार हुई बारिश के कारण क्षेत्र में धान की फसल को नुकसान पहुंचा है।

बारिश से खेतों में काटकर सुखाने के लिए रखी गई धान की फसल प्रभावित हुई है। इसके अलावा कई स्थानों पर कटाई के लिए तैयार खड़ी धान की फसल को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी किसानों ने टीम को दी।

उप जिलाधिकारी ने राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का सर्वे एवं आकलन प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रभावित काश्तकार की क्षति का नियमानुसार आकलन कर आवश्यक कार्रवाई तेजी से पूरी की जाए, ताकि पात्र किसानों को जल्द सहायता राशि उपलब्ध कराई जा सके।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार पाटी चंद्र सिंह हरकोटिया, कृषि विभाग के न्याय पंचायत प्रभारी नरेंद्र सिंह, संबंधित पटवारी समेत राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।