बनबसा में 4 ग्राम स्मैक के साथ नेपाली नागरिक गिरफ्तार, SSB के साथ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
बनबसा/चम्पावत। मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बनबसा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने एक व्यक्ति को 4 ग्राम अवैध हेरोइन (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी नेपाल का निवासी है।
पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 27 सितंबर 2026 को थाना बनबसा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने शिव मंदिर, एसएसबी कैंप के पास चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान टीम ने संदिग्ध अवस्था में एक व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 4.0 ग्राम अवैध हेरोइन (स्मैक) बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश चौधरी (28) पुत्र बिसाती डगोरा, निवासी ग्राम भगतपुर, ओड़ा नंबर-18, भीदत्त नगर पालिका, जिला कंचनपुर, नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना बनबसा में मु0अ0सं0-75/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विनय मित्तल, उपनिरीक्षक दीवाना सिंह बिष्ट, एसएसबी बनबसा के उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह तथा हेड कांस्टेबल 176 एजाज अहमद शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

