SIR विवाद पर चम्पावत में कांग्रेस का हल्लाबोल, CEC ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका
कलक्ट्रेट पर धरना, जमकर नारेबाजी; कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग पर लगाए गंभीर आरोप, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

चम्पावत। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर निर्वाचन आयोग के भीतर दो निर्वाचन आयुक्तों द्वारा आपत्तियां दर्ज किए जाने की खबर के बीच चम्पावत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका और कलक्ट्रेट के मुख्य गेट पर धरना दिया।

कांग्रेस कार्यकर्ता चम्पावत बाजार स्थित पार्टी कार्यालय से जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। कलक्ट्रेट पहुंचकर मुख्य गेट के बाहर धरना दिया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि SIR के बहाने मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने निर्वाचन आयोग पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप भी लगाया।

यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है जब हालिया रिपोर्टों में निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी द्वारा पिछले 10 महीनों में निर्वाचन आयोग के कुछ फैसलों और प्रक्रियाओं को लेकर कम से कम 14 बार आपत्ति दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। इन आपत्तियों में मतदाता पंजीकरण, नाम जोड़ने-हटाने और निर्वाचन संबंधी डेटा व सॉफ्टवेयर से जुड़े मुद्दे शामिल बताए गए हैं। हालांकि निर्वाचन आयोग ने इन रिपोर्टों के जवाब में कहा है कि आंतरिक स्तर पर अलग-अलग विचार और नोट बहुसदस्यीय संवैधानिक संस्था की सामान्य कार्यप्रणाली का हिस्सा हैं तथा आयोग के फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं।
कलक्ट्रेट से लौटने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोटर स्टेशन पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस की ओर से ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग से संबंधित ज्ञापन राष्ट्रपति को भेजा गया। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई। प्रदर्शन में पूर्व दर्जा मंत्री निर्मला गहतोड़ी, पूर्व राज्य मंत्री मनोहर सिंह ढेक (मुन्ना ढेक), विमला माहरा, भूपेंद्र सिंह महर भूप्पी, विपिन जोशी, रंजीत अधिकारी, दिग्विजय कार्की, लोकेश पांडेय, सचिन मेहरा, आशीष बिष्ट, वीएन शर्मा, अभिषेक तड़ागी, रोहन माहरा, नीरज कालाकोटी, पवन ढेक, ललित कालाकोटी, संजय कुंवर, नीरज पांडेय, तुषार वर्मा, कमल रैंसवाल, सोनू समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

