चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : माँ बाराही धाम देवीधुरा मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए व्यापक निर्देश

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। 23 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक माँ बाराही धाम देवीधुरा मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और मेले के सुव्यवस्थित संचालन को लेकर सभी विभागों की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि माँ बाराही धाम देवीधुरा मेला प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था का प्रमुख आयोजन है, जिसमें देशभर से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

Ad Ad

बैठक में मेला क्षेत्र के निर्धारण, मेला अधिकारी एवं मेला मजिस्ट्रेट की तैनाती सहित विभिन्न प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए।

यातायात व्यवस्था को लेकर एआरटीओ और पुलिस विभाग को संयुक्त ट्रैफिक प्लान तैयार करने, पार्किंग स्थलों का चिन्हीकरण, आवश्यक डायवर्जन लागू करने तथा प्रमुख मार्गों पर संकेतक और बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

नगर पंचायत एवं संबंधित विभागों को मेला क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, अस्थायी शौचालयों की स्थापना और उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं जल संस्थान को शुद्ध पेयजल, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

लोक निर्माण विभाग को संपर्क मार्गों की मरम्मत, गड्ढों का भरान, पैदल मार्गों को सुरक्षित बनाने और दिशा संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को अतिरिक्त चिकित्सकों की तैनाती, एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार केंद्र और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। आबकारी विभाग को एल्कोमीटर से जांच अभियान चलाने तथा आपूर्ति विभाग को आवश्यक खाद्य सामग्री की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को मेला शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने, नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, उपजिलाधिकारी नीतू डागर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, मेला संयोजक मोहन सिंह बिष्ट, मेला सह संयोजक जगदीश सिंघवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।